Sunday 19 July 2015

सानिया मिर्जा बनेंगी खेल रत्न!

नयी दिल्ली। विश्व की नम्बर एक युगल खिलाड़ी और हाल में विम्बलडन का महिला युगल खिताब जीतने वाली टेनिस स्टार सानिया मिर्जा इस वर्ष देश के सर्वोच्च खेल पुरस्कार राजीव गांधी खेल रत्न की दौड़ में सबसे आगे चल रही है। केन्द्रीय खेल मंत्रालय भी इस साल सानिया के नाम की खेल रत्न की सिफारिश कर सकता है। खेल रत्न पुरस्कार हर वर्ष 29 अगस्त को हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के जन्मदिन के अवसर पर राष्ट्रपति अर्जुन, द्रोणाचार्य और ध्यानचंद पुरस्कारों के साथ प्रदान करते हैं। गत वर्ष किसी भी खिलाड़ी को खेल रत्न प्रदान नहीं किया गया था। 28 वर्षीय सानिया इस वर्ष अप्रैल में विश्व की नम्बर एक युगल खिलाड़ी बनी है। वह इस समय अपनी जोड़ीदार स्विट्जरलैंड की मार्टिना हिंगिस के साथ दुनिया की नम्बर एक युगल जोड़ी है। सानिया ने हाल ही में पहली बार विम्बलडन का महिला युगल खिताब हिंगिस के साथ मिलकर जीता है।
सानिया ने व्यक्तिगत तौर पर खेल रत्न के लिये आवेदन नहीं किया है। लेकिन माना जा रहा है कि नियमों के अनुसार यदि मंत्रालय को महसूस होता है तो वह योग्य खिलाड़ी के नाम की सिफारिश इस सर्वोच्च पुरस्कार के लिये कर सकता है। खेल मंत्रालय सानिया को उनके लाजवाब प्रदर्शन के लिये खेल रत्न बनाने पर गंभीरता से विचार कर रहा है।
समझा जाता है कि नौ खिलाड़ियों ने खेल रत्न के लिये आवेदन किया है जिसमें दीपिका पल्लीकल (स्क्वैश), सीमा अंतिल (डिस्कस थ्रो), विकास गौड़ा (डिस्कस थ्रो), सरदार सिंह (हॉकी), टिंटू लूका (एथलेटिक्स), अभिषेक वर्मा (तीरंदाजी), गिरिशा एचएन (पैरालम्पियन हाईजम्पर) और पिछले वर्ष की आवेदक पीवी सिंधू (बैडमिंटन) तथा जीव मिल्खा सिंह (गोल्फ) शामिल हैं।

No comments:

Post a Comment