Sunday 19 July 2015

झारखंड में हो सकते हैं 36वें राष्ट्रीय खेल!

गोवा सरकार ने चुनावों के कारण प्रस्तावित 36वां राष्ट्रीय खेल कराने से किया इनकार
रांची। अगर सब कुछ ठीक रहा, तो अगले वर्ष यानी 2016 में एक बार फिर होटवार का मेगा स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स देशभर के एथलीटों से गुलजार होगा। दरअसल 2016 के अंत में गोवा में 36वें राष्ट्रीय खेलों का आयोजन होना है लेकिन वहां की सरकार ने 2017 के प्रारंभ में वहां होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर नेशनल गेम्स कराने से इनकार कर दिया है।
ऐसे में झारखण्ड ने इन खेलों के आयोजन में अपनी रुचि दिखायी है। हालांकि अभी इसके लिए लम्बा सफर तय करना है।राज्य के खेल मंत्री अमर कुमार बाउरी ने वर्जीनिया (अमेरिका) से वर्ल्ड पुलिस खेलों में पदक जीत कर लौटी एथलीटों के सम्मान समारोह के दौरान कहा कि झारखंड 2011 में 34वें राष्ट्रीय खेलों का सफल आयोजन कर चुका है। उन्होंने कहा कि हमारे पास संसाधन मौजूद है, इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार है। ऐसे में झारखंड कम खर्च पर इन खेलों के आयोजन में सक्षम है। उन्होंने कहा कि फिलहाल सरकार की ओर से अभी तक कोई प्रस्ताव नहीं दिया गया है, लेकिन वह इस पर विचार कर रही है। उन्होंने कहा कि इस संदर्भ में जल्द ही केंद्रीय खेल मंत्री सर्वानंद सोनोवाल से मुलाकात की जायेगी, उसके बाद ही तसवीर साफ हो पायेगी। साथ ही इस सम्बन्ध में जल्द ही झारखंड ओलम्पिक संघ (जेओए) और भारतीय ओलम्पिक संघ (आईओए) से भी सम्पर्क किया जायेगा।
34वें राष्ट्रीय खेलों का हो चुका है सफल आयोजन
झारखंड में 12 से 26 फरवरी 2011 तक 34वें राष्ट्रीय खेलों का सफलतापूर्वक आयोजन हो चुका है। इन खेलों में देश भर के करीब नौ हजार एथलीटों ने 35 स्पर्धाओं में हिस्सा लिया था। तब 444 गोल्ड मेडल दांव पर थे और ये खेल रांची, जमशेदपुर और धनबाद के 21 वेन्यू पर आयोजित किये गये थे।

No comments:

Post a Comment