Tuesday 4 August 2015

बालिकाओं को खेलों में प्रोत्साहित करें: यशोधरा राजे



खेल सुविधाओं में कोई कमी नहीं रखी जाए
जिलों में संचालित खेल गतिविधियों की समीक्षा
भोपाल। प्रदेश की खेल और युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने जिलों में संचालित खेल गतिविधियों, खेल अधोसंरचनाओं तथा विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तार से समीक्षा करते हुए सभी जिला खेल अधिकारियों को निर्देश दिये कि खेल सुविधाओं में कोई कमी नहीं रखी जाए।
 तात्या टोपे नगर स्टेडियम स्थित मेजर ध्यानचंद हॉल में दो सत्रों में आयोजित बैठक में खेल मंत्री सिंधिया ने जिलों में गत माह सम्पन्न विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का फीडबैक लिया और कहा कि जिलों में खेल प्रतियोगिताओं का निरंतर आयोजन होना चाहिए। उन्होंने स्कूली बच्चों और खासकर बालिकाओं को खेलों में प्रोत्साहित करने के लिए जिला खेल अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे स्कूलों से सतत सम्पर्क बनाए रखें। उन्होंने खेल संसाधनों की जानकारी हासिल करते हुए कहा कि खिलाड़ियों की खेल सुविधाओं में कोई कमी बाकी नहीं रखी जाएगी और जरूरत के मुताबिक आवश्यक उपकरण और सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। खेल मंत्री ने खो-खो, कबड्डी जैसे परम्परागत खेलों को बढ़ावा देने के सभी जिला खेल अधिकारियों को निर्देश दिए। बैठक में निर्माणाधीन खेल अधोसंरचनाओं के अलावा राजीव गांधी खेल अभियान, खेलवृत्ति, माँ तुझे प्रणाम आदि योजनाओं की भी समीक्षा की।
इस अवसर पर खेल संचालक उपेन्द्र जैन ने खेल प्रशिक्षकों की सेवाओं का बेहतर इस्तेमाल सुनिश्चित करने के लिए सभी जिला खेल अधिकारियों  को निर्देश दिये कि खेल मैदानों और इंडोर स्टेडियम का लाभ अधिकतम बच्चों को मिलना चाहिए, अधिकारी यह सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि जिलों में उपलब्ध खेल सामग्री की आॅनलाइन अपडेट जानकारी के लिए शीघ्र ही सभी जिलों को एक लिंक से जोड़ा जा रहा है। इसके माध्यम से संचालनालय द्वारा जिलों को प्रदाय खेल सामग्री की जहां वस्तुस्थिति के बारे में जानकारी मिलेगी वहीं जिला स्तर पर क्रय खेल सामग्री को आॅनलाइन फीड कर जानकारी अपडेट की जा सकेगी। बैठक में संयुक्त संचालक डॉं. विनोद प्रधान, उप संचालक बी.एस. यादव सहित जिला खेल अधिकारी मौजूद थे।
बालिका बॉक्सरों ने गोवा में जीते चार पदक
विजेता खिलाड़ियों को खेल मंत्री ने दी बधाई
भोपाल। गोवा में 20 से 30 जुलाई, 2015 तक आयोजित टेज्निंग कम काम्पटीशन में मध्यप्रदेश मार्शल आर्ट बॉक्सिंग अकादमी की चार बालिका खिलाड़ियों ने एक स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य पदक जीतकर प्रदेश को गौरवान्वित किया। काम्पटीशन में जहां दीपिका वर्मा को बेस्ट प्रमोजिंग अवार्ड से नवाजा गया वहीं मध्य प्रदेश बॉक्सिंग अकादमी को तृतीय स्थान मिला। विजेता खिलाड़ियों ने प्रदेश की खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया से मुलाकात की। खेल मंत्री ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी और उन्हें आगामी प्रतियोगिताओं में बेहतर खेल प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया। खेल संचालक उपेन्द्र जैन ने भी विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी।
बॉक्सिंग अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक रोशनलाल ने बताया कि गोवा में आयोजित काम्पटीशन में अकादमी की बॉक्सर खुशबू बरथे ने 60 किलोग्राम भारवर्ग में में स्वर्ण और दीपिका वर्मा ने 51 किलोग्राम भारवर्ग में रजत पदक जीता। इसी तरह अकादमी की बॉक्सर पूर्णिमा राजपूत ने 54 किलोग्राम और सरिता सिंह तोमर ने 64 किलोग्राम भारवर्ग में एक-एक कांस्य पदक अर्जित किया। अकादमी की सहायक कोच नेहा कश्यप के नेतृत्व में उक्त खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में भाग लिया।
इटली में निशाना साधेंगी अकादमी शूटर मनीषा कीर
भोपाल। मध्यप्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी की शॉटगन शूटर मनीषा कीर अगले माह इटली में आयोजित वर्ल्ड चैम्पियनशिप में अपने खेल जौहर का प्रदर्शन करेंगी। इटली के लेनिटो में 9 से 18 सितम्बर, 2015 तक आयोजित वर्ल्ड चैम्पियनशिप के लिए अन्तरराष्ट्रीय शूटिंग स्पोर्ट्स फेडरेशन द्वारा मनीषा कीर का चयन किया गया है। उनके चयन पर प्रदेश की खेल और युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने हर्ष व्यक्त कर मनीषा को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
गत दिवस तात्या टोपे नगर स्टेडियम में मनीषा कीर ने खेल मंत्री से सौजन्य भेंट कर उन्हें वर्ल्ड चैम्पियनशिप में चयन होने की जानकारी से अवगत कराया। खेल मंत्री ने मनीषा को अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा में उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन करने और सफलता अर्जित कर प्रदेश को गौरवान्वित करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि कड़े परिश्रम और नियमित अभ्यास से सफलता सुनिश्चित है। इस अवसर पर मौजूद संचालक खेल और युवा कल्याण उपेन्द्र जैन ने भी मनीषा कीर को बधाई और शुभकामना दी। गौरतलब है कि मनीषा कीर शूटिंग अकादमी के तकनीकी सलाहकार एवं शॉटगन के मुख्य प्रशिक्षक मनशेर सिंह के मार्गदर्शन में प्रशिक्षणरत हैं।

No comments:

Post a Comment