Monday 24 August 2015

खेलों में अब 10 सम्भाग!


मध्यप्रदेश खेल एवं युवा कल्याण विभाग की चाह, अधिक से अधिक खिलाड़ी दिखाएं कमाल
खेलपथ विशेष
ग्वालियर। खेल एवं युवा कल्याण विभाग मध्यप्रदेश ने प्रदेश के अधिक से अधिक खिलाड़ियों को खेलों में प्रतिनिधित्व देने की खातिर अब 10 सम्भागों के सृजन का निर्णय लिया है। इससे पूर्व मध्यप्रदेश में सात सम्भाग अस्तित्व में थे।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग मध्यप्रदेश प्रतिवर्ष युवा कल्याण की गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए ग्रामीण खेल, महिला खेल, युवा अभियान, युवा उत्सव आदि के आयोजन ब्लॉक, जिला, सम्भाग और राज्य स्तर पर करता रहा है। अभी तक खेल विभाग द्वारा प्रदेश के सात सम्भागों ग्वालियर, सागर, रीवा, जबलपुर, उज्जैन, इंदौर और भोपाल में खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जाता रहा है। इस व्यवस्था के चलते कई जिलों के खिलाड़ी सम्भाग और राज्य स्तर पर खेलने से वंचित रह जाते थे। इस समस्या के दृष्टिगत खेल एवं युवा कल्याण विभाग मध्यप्रदेश ने शासकीय पत्र क्रमांक-8361, दिनांक 20-10-2014 को सभी सम्भागायुक्तों, जिला कलेक्टरों, पुलिस अधीक्षकों तथा समस्त जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारियों को प्रदेश में खेल गतिविधियों के विकास एवं विस्तार के लिए 10 खेल सम्भागों के सृजन का पत्र प्रेषित किया है।
नई व्यवस्था से पहले होशंगाबाद-भोपाल और ग्वालियर-चम्बल सम्भागों को एक-एक सम्भाग ही माना जाता रहा है। इतना ही नहीं गत वर्षों में नया सम्भाग बनाए गये शहडोल सम्भाग को भी पृथक न मानते हुए रीवा सम्भाग के अधीन ही शुमार किया जाता रहा। प्रदेश में प्रचलित इस व्यवस्था के चलते छोटे जिले भिण्ड, श्योपुर, हरदा, बैतूल, शहडोल, डिण्डौरी, उमरिया आदि के खिलाड़ी सम्भाग स्तर पर पिछड़ जाते थे और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन राज्यस्तर पर नहीं कर पाते थे। इस समस्या से खिलाड़ियों को निजात दिलाने के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग मध्यप्रदेश ने वर्ष 2014-15 से प्रदेश में 10 सम्भागों के सृजन का निर्णय लिया है। विभाग के इस प्रयास से अब अधिक से अधिक खिलाड़ी प्रदेश स्तर पर अपना खेल-कौशल दिखा सकेंगे। संचालक खेल उपेन्द्र जैन ने अपने पत्र के माध्यम से यह जानकारी सभी जिले के आलाधिकारियों को कर दी है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग मध्यप्रदेश के इस निर्णय की खिलाड़ियों ने सराहना करते हुए खुशी जाहिर की है।
शिवपुरी होगा चम्बल सम्भाग का मुख्यालय
ग्वालियर-चम्बल सम्भाग में अब चम्बल सम्भाग के अस्तित्व में आने के बाद लोगों में इस बात की चर्चा है कि चम्बल का मुख्यालय मुरैना होगा या फिर शिवपुरी? भरोसेमंद सूत्रों की कही सच मानें तो खेल विभाग चम्बल सम्भाग का मुख्यालय शिवपुरी करने जा रहा है। इसके पीछे वजह शिवपुरी में शानदार खेल अधोसंरचना के साथ ही जिला खेल अधिकारी का होना है। दरअसल मुरैना में प्रतिभाएं तो हैं लेकिन यहां लम्बे समय से खेल अधिकारी नहीं होने से खेल गतिविधियों को पर्याप्त प्रोत्साहन नहीं मिल पा रहा है। जो भी हो शिवपुरी को मुख्यालय बनाना शायद ही नेतानगरी को रास आए।
पूर्व की व्यवस्था
सम्भाग का नाम सम्भाग में आने वाले जिले
1- ग्वालियर ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिण्ड, शिवपुरी, गुना, अशोक नगर, दतिया।
2- सागर सागर, दमोह, छतरपुर, पन्ना, टीकमगढ़।
3- रीवा  रीवा, सिंगरौली, सीधी, सतना, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर।
4- जबलपुर जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मण्डला, बालाघाट, डिण्डौरी।
5- उज्जैन उज्जैन, देवास, रतलाम, शाजापुर, मंदसौर, नीमच, आगर।
6- इंदौर इंदौर, धार, अलीराजपुर, झाबुआ, खरगौन, बड़वानी, खण्डवा, बुरहानपुर।
7- भोपाल भोपाल, सीहोर, रायसेन, राजगढ़, विदिशा, बैतूल, होशांगाबाद, हरदा।
...........................................................
वर्तमान व्यवस्था
सम्भाग का नाम सम्भाग में आने वाले जिले
1- ग्वालियर ग्वालियर, गुना, अशोकनगर, दतिया
2- चम्बल श्योपुर, मुरैना, भिण्ड, शिवपुरी।
3- सागर सागर, दमोह, छतरपुर, पन्ना, टीकमगढ़।
4- रीवा रीवा, सिंगरौली, सीधी, सतना।
5- शहडोल शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, डिण्डौरी।
6- जबलपुर जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मण्डला, बालाघाट।
7- उज्जैन उज्जैन, देवास, रतलाम, शाजापुर, मंदसौर, नीमच, आगर।
8- इंदौर इंदौर, धार, अलीराजपुर, झाबुआ, खरगौन, बड़वानी, खण्डवा, बुरहानपुर।
9- भोपाल भोपाल, सीहोर, राजगढ़, विदिशा।
10- नर्मदा बैतूल, होशंगाबाद, हरदा, रायसेन। 

No comments:

Post a Comment