Monday 24 November 2014

दिल्ली हाफ मैराथन में एडोला, किप्लागेट विजयी


नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में 23 नवम्बर को आयोजित एयरटेल दिल्ली हाफ मैराथन में कोर्स रिकॉर्ड को तोड़ते हुए इथियोपिया के गाइ एडोला ने पुरुष वर्ग में जीत हासिल की जबकि केन्या की फ्लोरेंस किप्लागेट महिला वर्ग में अपना खिताब बचाने में कामयाब रहीं।
एडोला ने हमवतन एत्सेडु सेगे का 59.12 मिनट का रिकॉर्ड छह सेकेंड के अंतर से तोड़ा। इस तरह एडोला ने इनाम स्वरूप 27,000 डॉलर हाफ मैराथन में जीत के लिए जबकि 7,500 डॉलर कोर्स रिकॉर्ड के लिए हासिल किए। मौजूदा चैम्पियन केन्या के ज्योफ्रेकैमवोरर 59.07 मिनट में रेस पूरी कर दूसरे स्थान पर रहे। इथोपिया के ही मोसीनेट गेरेम्यु ने 59.11 मिनट का समय निकालते हुए तीसरा स्थान हासिल किया।
विश्व चैम्पियन-2014 का कांस्य जीतने वाले एडोला ने करियर का चौथा अंतर्राष्ट्रीय हाफ मैराथन जीतने के बाद कहा, मेरी रेस शुरू से ही अच्छी रही। सुबह की ठंड के कारण यहां हालांकि थोड़ी कठिन भी रही। मैं अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के इरादे से उतरा था लेकिन अब खुशी है मैंने नए कोर्स रिकॉर्ड के साथ जीत हासिल की।’ केन्या के साइब्रियन कोटुट 59.12 मिनट के साथ चौथे स्थान पर रहे। इस साल के सबसे तेज हाफ मैराथन धावक अब्राहम केरोबेन (58.48) को 59.21 मिनट के साथ आठवें स्थान से संतोष करना पड़ा। इधर, महिला स्पर्धा में फ्लोरेंस ने एक घंटा 10.04 मिनट में दूरी पूरी की। वहीं विश्व चैम्पियन ग्लैडेज चेरोनो ने एक घंटा 10.05 मिनट में दूरी पूरी कर दूसरा स्थान हासिल किया। पूर्व चैम्पियन केन्या की लुसी काबू ने एक घण्टे और 10.10 मिनट के साथ छठा स्थान हासिल किया। इथोपिया की बेलाएनेस ओलिजिरा और केन्या की सिंथिया लिमो क्रमश: चौथे और पांचवें स्थान पर रही।
भारतीय धावकों में सुरेश, प्रीजा जीते
राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित एयरटेल दिल्ली हाफ मैराथन में भारतीय धावकों के पुरुष एवं महिला वर्ग में क्रमश: सुरेश कुमार और प्रीजा श्रीधरण ने जीत हासिल की। सुरेश ने 21 किलोमीटर की दौड़ एक घंटे और 4.38 मिनट में पूरी की जबकि दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे नितेंद्र सिंह रावत और खेताराम ने सुरेश से क्रमश: 16 और 18 सेकेंड बाद लक्षित दूरी पूरी की। सुरेश ने 17वें किलोमीटर में बढ़त बनाई और फिर फासले को और बढ़ाते हुए जीत सुनिश्चित की। सुरेश ने 2.5 लाख रुपये इनाम स्वरूप जीतने के बाद कहा, ‘यह काफी कड़ा मुकाबला रहा। मैं खेताराम और नितेंद्र 16 किलोमीटर तक साथ-साथ थे। इसके बाद मैंने दूरी हासिल करते हुए 20 मीटर की बढ़त बनाई। बाद में इस दूरी को मैं और बढ़ाने में कामयाब रहा। करीब 19 किलोमीटर के आसपास जब मेरी जीत सुनिश्चित हो गई तो फिर मैं धीमा हो गया।’ इधर, महिला वर्ग में प्रीजा ने एक घंटे 19.03 मिनट में रेस पूरी कर प्रथम स्थान हासिल किया। मोनिका अठारे और सुधा सिंह क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं। प्रीजा ने भी इनाम स्वरूप 2.5 लाख रुपये जीते। मोनिका ने एक घंटे और 19.12 मिनट जबकि लंदन ओलंपिक में हिस्सा ले चुकीं सुधा ने एक घंटे और 19.21 मिनट में दूरी पूरी की। कविता राउत को एक घंटे 19.56 मिनट के साथ चौथे स्थान से संतोष करना पड़ा।
दिल्ली हाफ मैराथन में नामी हस्तियों ने बढ़ाया जोश
एयरटेल दिल्ली हाफ मैराथन में खेल और मनोरंजन जगत की नामचीन हस्तियों के साथ ही 31,000 से अधिक लोग दौड़े। मैराथन में मशहूर उद्योगपति अनिल अंबानी, बॉलीवुड अभिनेता राहुल बोस एवं अभिनेत्री गुल पनाग, भारतीय क्रिकेटर गौतम गंभीर, शूटर-नेता राज्यवर्द्धन सिंह राठौड़ और बॉलीवुड की बिंदास बाला बिपाशा बसु भी दौड़ीं। बिपाशा ने कहा, ‘महिला प्रतिभागियों की संख्या में 25 फीसद बढ़ोत्तरी हुई है। यहां तक कि हाफ मैराथन के लिए भी 12,000 से अधिक लोगों ने पंजीकरण कराया है।’ अभिनेता राहुल बोस और अभिनेता गुल पनाग ऐसे आयोजनों के सक्रिय भागीदार रहे हैं। राहुल ने ट्विटर पर बताया कि उन्होंने दौड़ दो घंटे तीन मिनट में पूरी की। उन्होंने बाद में मैराथन की विश्व रिकॉर्ड धारक पुआला रैडक्लिफ के साथ खिंचवाई एक तस्वीर भी साइट पर डाली। वहीं, गुल ने अपनी ट्वीट में लिखा, ‘आज की दौड़ बढ़िया रही। मैदान पर असाधारण जोश रहा। बहुत से दृढ़ धावक अपने सपने पूरे कर रहे हैं। हममें से हर कोई विजेता है। हम दौड़े हैं दिल्ली।’ इस मौके पर अन्य गणमान्य लोगों में केंद्रीय खेल मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, कार्यक्रम एंबेसडर और महिलाओं की मैराथन की विश्व रिकॉर्ड धारक पाउला रेडक्लिफ और टॉलीवुड स्टार जीत मौजूद रहे। खेल सचिव अजीत एम.शरण भी उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment