Tuesday 18 November 2014

हॉकी कोच टेरी वाल्श ने दिया इस्तीफा

नई दिल्ली। भारतीय हॉकी कोच टेरी वाल्श ने हॉकी इंडिया और भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के साथ अनुबंध संबंधी बातचीत नाकाम रहने के बाद मंगलवार को अपना पद छोड़ दिया, लेकिन इस आॅस्ट्रेलियाई के विचारार्थ नये प्रस्ताव पर काम किया जा रहा है।
वाल्श का अनुबंध समाप्त हो चुका है। उन्होंने पिछले महीने ही अपने पद से इस्तीफा दे दिया था, क्योंकि हॉकी इंडिया और साई ने टीम फैसलों में उनकी बात को अधिक महत्व देने और उनकी पसंद का सहयोगी स्टॉफ रखने की मांगों को नामंजूर कर दिया था। उनसे पद पर बने रहने के लिये बातचीत चल रही थी और वह खेल मंत्री सर्बानंद सोनोवाल से भी मिले थे, लेकिन बातचीत का कोई परिणाम नहीं निकल पाया। इससे वाल्श ने अपना इस्तीफा वापस लिये बिना आॅस्ट्रेलिया लौटने का फैसला कर लिया।
हालांकि उनके पास अगले दो दिनों में नया प्रस्ताव भेजा जाएगा जिससे उनके भारत वापसी के लिये दरवाजे अब भी खुले हुए हैं। वाल्श ने कहा कि वह अब भी भारतीय टीम को कोचिंग देने को लेकर आशावान थे। वाल्श का अपने पद पर बने रहने को लेकर तब संदेह जताया जाने लगा था जब रिपोर्ट आयी कि उनके और हॉकी इंडिया के अध्यक्ष नरिंदर बत्रा के बीच गंभीर मतभेद पैदा हो गये हैं। यदि वाल्श वापस नहीं आते तो इसे भारतीय हॉकी के लिये बड़ा झटका माना जा सकता है, क्योंकि उनके रहते हुए टीम ने अच्छे परिणाम हासिल किये थे। भारतीय पुरुष टीम ने हाल में 16 वर्षों के अंतराल के बाद एशियाई खेलों का स्वर्ण पदक जीता जिससे उसने 2016 में रियो में होने वाले ओलम्पिक खेलों के लिये क्वालीफाई किया। इससे पहले टीम ने ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीता और हाल में विश्व चैम्पियन आॅस्ट्रेलिया से उसकी सरजमीं पर शृंखला जीती। वाल्श की मांगों पर गौर करने के लिये तीन सदस्यीय समिति का गठन भी किया गया था लेकिन वह किसी परिणाम पर पहुंचने में नाकाम रही थी। इस पैनल में पूर्व हॉकी कप्तान अजित पाल सिंह, अशोक कुमार और जफर इकबाल शामिल थे। पैनल ने वाल्श, हाकी इंडिया के परफोरमेन्स निदेशक रोलेंट ओल्टमैन्स और भारतीय खेल प्राधिकरण के अधिकारियों से दो बार बैठक की लेकिन वे किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पाये थे। वाल्श ने फैसलों में उनकी बात को तवज्जो देने और अपनी पसंद के सहयोगी स्टॉफ के अलावा 120 दिन के भुगतान अवकाश की भी मांग की थी। उन्होंने कहा कि इस अवकाश के दौरान वह खिलाड़ियों के साथ वीडियो कान्फ्रेंस के जरिये जुड़े रहेंगे।
बत्रा ने वाल्श पर लगाये
वित्तीय गड़बड़ी के आरोप
 हॉकी इंडिया सचिव नरेंद्र बत्रा ने राष्टÑीय टीम के कोच टेरी वाल्श पर वित्तीय गड़बड़ी के आरोप लगाये हैं जिसके बाद पूर्व आॅस्ट्रेलियाई खिलाड़ी के टीम के साथ आगे भी बने रहने को लेकर सवाल खड़े हो गये हैं। बत्रा ने वाल्श पर आरोप लगाते हुये कहा कि यूएस हॉकी के साथ काम करते हुये मौजूदा भारतीय कोच ने एक लाख 76000 डॉलर की राशि में गड़बड़ी की थी। वाल्श पिछले एक वर्ष से भारतीय टीम के कोच की भूमिका निभा रहे हैं।

No comments:

Post a Comment