Saturday 15 November 2014

टेनिस कोर्ट से रैम्प तक हैं सानिया के जलवे


2008 में मिली थी डॉक्टरेट की मानद उपाधि
जयपुर। टेनिस सनसनी सानिया मिर्जा इन दिनों कोर्ट पर उतनी ज्यादा नहीं दिख रही हैं जितनी कि ग्लैमर इंडस्ट्री में। फिल्मों और टेलीविजन से लेकर फैशन शो में वह उपस्थिति दर्ज करा रही हैं।
15 नवम्बर,1986 को मुंबई में जन्मी भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा ने शनिवार को अपना 29वां जन्मदिन मनाया। अगर सानिया के करियर की बात करें तो वो 18 वर्ष की आयु में ही वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना चुकी थीं। सानिया की प्रारंभिक शिक्षा हैदराबाद के एन.ए.एस.आर. स्कूल में हुई, उसके बाद उन्होंने हैदराबाद के ही सेंट मैरी कॉलेज से स्नातक किया। उन्हें 11 दिसम्बर, 2008 को चेन्नई में एमजीआर शैक्षिक और अनुसंधान संस्थान विश्वविद्यालय से डॉक्टरेट की मानद उपाधि प्राप्त हुई।
सानिया ने करियर की शुरुआत 1999 में विश्व जूनियर टेनिस चैम्पियनशिप में हिस्सा लेकर किया। इसके बाद उन्होंने कई अंतरराष्ट्रीय मैचों में हिस्सा लिया और सफलता भी पाई। 2003 उनके जीवन का सबसे रोचक मोड़ बना जब भारत की तरफ से वाइल्ड कार्ड एंट्री करने के बाद सानिया मिर्जा ने विम्बलडन में डबल्स में जीत हासिल की। वर्ष 2004 में बेहतर प्रदर्शन के लिए उन्हें 2005 में अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया। 2005 के अंत में उनकी अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग 42 हो चुकी थी जो किसी भी भारतीय टेनिस खिलाड़ी के लिए सबसे ज्यादा थी।
सानिया को 2006 में पद्मश्री सम्मान प्रदान किया गया। वे यह सम्मान पाने वाली सबसे कम उम्र की खिलाड़ी हैं। उन्हें 2006 में अमेरिका में विश्व की टेनिस की दिग्गज हस्तियों के बीच डब्लूटीए का मोस्ट इम्प्रेसिव न्यू कमर एवार्ड प्रदान किया गया था। 2009 में वह भारत की तरफ से ग्रैंड स्लैम जीतने वाली पहली महिला खिलाड़ी बनीं।
जिस तरह सानिया मिर्जा ने अपने हुनर से मैदान में सभी का दिल जीता उसी तरह इनके हुस्न के जलवे भी हर जगह बिखरे हुए हैं। सानिया अपने जिंदगी में जितना टेनिस पर ध्यान देती हैं उतना ही रैम्प वॉक करने में भी। सानिया कई बार रैम्पवॉक कर चुकी हैं। और तो और इन्होंने अपनी अदाओं से भी सभी के दिलों में जगह बनाई है। टेनिस कोर्ट पर सनसनी मचाने के बाद सानिया इन दिनों ग्लैमर इंडस्ट्री में तहलका मचा रही हैं। इसके साथ ही वो फिल्मों और टेलीविजन से लेकर फैशन शो में भी उपस्थिति दर्ज करा रही हैं।
सानिया की खास बात यह है कि हाल के महीनों में उन्होंने अपना वजन कम किया है और शरीर को तराशा है। ऐसे में चर्चा हो रही है कि क्या वह फिल्मों में हाथ आजमाने पर विचार कर रही हैं। अगर वाकई यह सच है तो आने वाले महीनों में फिल्म प्रेमियों को धमाकेदार खबर मिलेगी। बस देखना यह होगा कि उनके शौहर को इस बात पर कोई एतराज न हो।
आत्मकथा से सामने आएंगे अनछुए पहलू
मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के बाद सानिया मिर्जा ने अपनी आत्मकथा लिखी है। इस आत्मकथा में उनके जीवन के अनछुए पहलू चाहने वालों के सामने होंगे। इसमें उनके छह साल की उम्र में टेनिस सीखने से लेकर बुलंदियों तक पहुंचने की दास्तां शामिल है। सफलता की बुलंदियों पर पहुंची सानिया ने अपनी आत्मकथा में अपने संघर्ष का भी जिक्र किया है। हालांकि अभी तक इस बात का खुलासा नहीं हुआ है कि सानिया की यह आत्मकथा कब तक लांच होगी और इसका नाम क्या होगा? अपनी आत्मकथा के बारे में बात करते हुए सानिया ने बताया कि आत्मकथा में उन्होंने अपने जीवन को खुद के नजरिये से देखते हुए उन तमाम बातों का जिक्र किया है जो उनके फैन्स के लिए बिल्कुल नई होंगी।

No comments:

Post a Comment