Monday 22 December 2014

स्पर्श ने जगाई खेलों की अलख


सराहनीय: संस्था से जुड़े 150 से अधिक जिले, हजारों खिलाड़ी खिलखिलाए
आगरा भी स्पर्श स्पोर्ट्स डेवलपमेंट फाउण्डेशन से जुड़ा
आगरा। जाके फटीं न पैर बिवार्इं, वो का जाने पीर पराई। यह कहावत हमारे देश के अकर्मण्य खेलतंत्र और उससे जुड़े खेलनहारों पर अक्षरश: सत्य साबित होती है। खेलों से भ्रष्टाचार के समूल नाश का बीड़ा उठाया है बैसवारा की एक निजी खेल संस्था स्पर्श स्पोर्ट्स डेवलपमेंट फाउण्डेशन उन्नाव ने। इस खेल संस्था से अब तक सैकड़ों ओलम्पियंस और हजारों खिलाड़ी न केवल जुड़ चुके हैं बल्कि उन्होंने खेलों में मादरेवतन का नाम गौरवान्वित करने का संकल्प भी लिया है।
खेलों में भाई-भतीजावाद और भ्रष्टाचार से आजिज अजीत वर्मा ने कोई आठ साल पहले इस संस्था की नींव रखी थी। श्री वर्मा ने खेलों और खेलनहारों को न केवल करीब से देखा है बल्कि खिलाड़ियों के साथ होती जिहालत और जलालत को भी भोगा है। स्पर्श स्पोर्ट्स डेवलपमेंट फाउण्डेशन से न केवल खिलाड़ी और खेलप्रेमी जुड़ रहे हैं बल्कि मुल्क खेलों में नाम रोशन करे इसके लिए किसानों सहित वे लोग भी जुड़ रहे हैं जिनके जेहन में जरा भी खेलों से प्यार है। अपने आठ साल के कार्यकाल में संस्था ने देश के 150 से अधिक जिलों और 12 हजार से अधिक खिलाड़ियों के बीच खेलों की अलख जगाई है। आगरा भी स्पर्श स्पोर्ट्स डेवलपमेंट फाउण्डेशन से जुड़ चुका है।
प्रदेश की हर पंचायत तक पहुंचने का लक्ष्य: अजीत वर्मा
खेलपथ से हुई बातचीत में संस्था के संस्थापक अजीत वर्मा ने बताया कि सीमित संसाधनों के बावजूद मेरा संकल्प उत्तर प्रदेश की हर ग्राम पंचायत तक पहुंच बनाना है। अब तक उत्तर प्रदेश के 45 जिलों सहित देश के डेढ़ सौ जिलों में जहां कोर्डिनेटर बनाए जा चुके हैं वहीं 12 हजार से अधिक खिलाड़ी संस्था से जुड़ चुके हैं। इन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की प्रतिभा का मुल्क को लाभ मिले इसके लिए कई कार्यक्रम भी चलाए जा रहे हैं। संस्था न केवल प्रतिभाओं की परख कर रही है बल्कि खिलाड़ियों को प्लेटफार्म मुहैया कराने के भी प्रयास हो रहे हैं।
संस्था अब तक कर चुकी है सैकड़ों खिलाड़ियों का भला
खेलों और खिलाड़ियों के उत्थान को समर्पित स्पर्श स्पोर्ट्स डेवलपमेंट फाउण्डेशन अब तक सैकड़ों गरीब खिलाड़ियों की मदद कर चुकी है। संस्था न केवल खिलाड़ियों को प्रोत्साहित कर रही है बल्कि उसके प्रयास हैं कि किसी खिलाड़ी को भेदभाव का शिकार न होना पड़े।
खिलाड़ियों को सब कुछ मुफ्त
संस्था से जुड़े खिलाड़ियों को खेल किट के साथ-साथ खेल प्रतियोगिता के दौरान मुफ्त भोजन की भी व्यवस्था की जाती है। खिलाड़ियों के लिए साग-भाजी की व्यवस्था जहां किसान करते हैं वहीं उनके बालों की कटिंग भी बिल्कुल मुफ्त होती है।
लिम्बाराम सहित कई नामचीन भी जुड़े
खेलों के समुन्नत विकास और भ्रष्टाचार मुक्त खेलों की दिशा में काम कर रहे स्पर्श स्पोर्ट्स डेवलपमेंट फाउण्डेशन से न केवल प्रतिभाशाली खिलाड़ी जुड़ रहे हैं बल्कि अतीत के नामचीन खिलाड़ी धनुर्धर लिम्बाराम, पूर्व भारतीय वॉलीबाल कप्तान सुधा सिंह, पूर्व अंतरराष्ट्रीय फुटबालर अजय सिंह, ओलम्पियन सुदीप कुमार सहित सैकड़ों लोगों ने संस्था के सराहनीय कार्यों पर आस्था जताई है।

No comments:

Post a Comment