Wednesday 3 December 2014

भारत को एक अदद खिताब की तलाश

35वीं हीरो हॉकी चैम्पियंस ट्राफी
आठ बार ओलम्पिक और एक बार विश्व कप खिताब जीतने के बाद भी चैम्पियंस ट्राफी भारत से दूर
उत्तर प्रदेश के मिडफील्डर दानिश मुज्तबा और ललित उपाध्याय भी दिखाएंगे दम
भारतीय कप्तान सरदारा सिंह को टैरी वाल्श की खलेगी कमी
श्रीप्रकाश शुक्ला
आगरा। भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में छह से 14 दिसम्बर तक खेली जाने वाली 35वीं हीरो हॉकी चैम्पियंस ट्राफी  में सरदारा ब्रिगेड अपने मुरीदों के बीच खिताबी अकाल को जहां दूर करना चाहेगी वहीं 13 बार का चैम्पियन आस्ट्रेलिया खिताबी रक्षा के लिए दम ठोकेगा। दुनिया की सर्वश्रेष्ठ आठ टीमों के बीच होने जा रहे हॉकी के इस महासंग्राम में उत्तर प्रदेश के मिडफील्डर दानिश मुज्तबा और ललित उपाध्याय भी जौहर दिखाने को बेताब हैं।
हॉकी की वर्णमाला भारत के बिना कभी पूरी नहीं होती। अफसोस आठ बार ओलम्पिक और एक बार विश्व खिताब का मदमाता गर्व भी 1978 से प्रारम्भ हॉकी चैम्पियंस ट्राफी का खिताब भारत की झोली में नहीं डाल सका है। दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीमों की हॉकी नुमाइश में आस्ट्रेलिया जहां सर्वाधिक 13 बार खिताबी जश्न मना चुका है वहीं भारत सिर्फ एक बार 1982 में ही कांसे का तमगा जीत सका। 12 साल बाद एशियाड का स्वर्ण पदक जीतने वाले भारतीय कप्तान सरदारा सिंह हाल ही भारत से रुख्सत हुए प्रशिक्षक टैरी वाल्श को लेकर जहां सकते में हैं वहीं मुल्क का हर हॉकीप्रेमी चाहता है कि भारत हर हाल में खिताबी अकाल को समाप्त करे। भारत के लिए खिताबी राह आसान नहीं होगी। वह छह दिसम्बर को मजबूत जर्मनी को पराजय के लिए मजबूर कर सकेगा इसमें संदेह है। भारत को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए पूल बी में नौ बार के चैम्पियन जर्मनी, आठ बार के चैम्पियन नीदरलैण्ड और अर्जेण्टीना से दो-दो हाथ करना होगा। भारत को यदि सेमीफाइनल में पहुंचना है तो उसे अपने पूल में कम से कम दो टीमों को पराजय का हलाहल पिलाना होगा।
हॉकी चैम्पियंस ट्राफी की जहां तक बात है भारत ने अपने पड़ोसी पाकिस्तान से भी कभी कोई नसीहत नहीं ली।  भारत जहां अभी तक खिताब से वंचित है वहीं पाकिस्तान ने तीन स्वर्ण, छह रजत और सात कांस्य पदक जीते हैं। पाकिस्तान ने अंतिम बार अपनी ही धरती पर 1994 में खिताबी जश्न मनाया था। पाकिस्तान ने 2012 में कांसे का तमगा जीता था जबकि भारत 1982 के बाद से ही खाली हाथ है। हॉकी चैम्पियंस ट्राफी का सूरमा आस्ट्रेलिया पूल ए में बेल्जियम, इंग्लैण्ड और पाकिस्तान पर शायद ही रहम दिखाए। कंगारू अपनी धरती में भारत से 3-1 से सीरीज गंवाने के बावजूद बेजोड़ तैयारी के साथ आए हैं। पूल बी की अपेक्षा पूल ए में कमजोर टीमें होने के चलते आस्ट्रेलिया का अंतिम चार में पहुंचना लगभग तय है।
दानिश के डॉज पर सबकी नजर
उत्तर प्रदेश के दानिश मुज्तबा को हॉकी विरासत में मिली है। हॉकी का यह कलाकार खिलाड़ी जर्मनी और नीदरलैण्ड जैसी मजबूत टीमों को कैसे डॉज देगा इस पर हर भारतीय हॉकीप्रेमी की नजर है। कप्तान सरदारा सिंह को दानिश से बहुत उम्मीदें हैं। अब देखना यह है कि दानिश अपने कप्तान और देश की उम्मीदों को कैसे पार लगाते हैं। दानिश के साथ ही वाराणसी के ललित उपाध्याय भी हॉकी चैम्पियंस ट्राफी में अपने ही शहर के मोहम्मद शाहिद और विवेक के परम्परागत हॉकी कौशल की नुमाइंदगी करेंगे।

किसने कितनी बार जीता खिताब
देश स्वर्ण रजत कांस्य
आस्ट्रेलिया 13 10 04
जर्मनी 09 07 06
नीदरलैण्ड 08 06 08
पाकिस्तान 03 06 07
स्पेन 01 02 03
इंग्लैण्ड 00 02 02
द. कोरिया 00 01 02
भारत 00 00 01
अर्जेण्टीना 00 00 01

No comments:

Post a Comment