Monday 30 May 2016

खेलों की महायोद्धाः अविनाश कौर सिद्धू

खेलों में मध्य प्रदेश की महिला खिलाड़ियों में अविनाश कौर सिद्धू वह नाम है जिसे हम महायोद्धा कहें तो अतिश्योक्ति न होगी। यद्यपि उन्हें वह सम्मान नहीं मिला जिसकी कि वह हकदार हैं। मध्य प्रदेश महिला हाकी एकेडमी की पहली प्रशिक्षक अविनाश कौर सिद्धू रहीं। उनका अनुशासन लोगों को रास नहीं आया और वह खिलाड़ियों को अपना हुनर लम्बे समय तक नहीं सिखा सकीं। शायद बहुत कम लोगों को पता होगा कि वह हाकी के साथ-साथ वालीबाल की भी आला खिलाड़ी रहीं।
कड़ी प्रतिस्पर्धा के कारण जब एक खेल में भारत के लिए प्रतिनिधित्व करना मुश्किल हो, तब दो खेलों में देश का प्रतिनिधित्व करना विशिष्ट उपलब्धि ही कही जाएगी। इस उपलब्धि को जबलपुर की डा. अविनाश कौर सिद्धू ने हासिल किया है। उन्होंने वर्ष १९६७ से वर्ष १९७५ तक भारतीय महिला हॉकी टीम और वर्ष १९७० में भारतीय वालीबाल टीम का प्रतिनिधित्व किया है। डा. सिद्धू का बहुआयामी व्यक्तित्व है। वे पिछले साढ़े तीन दशकों से हॉकी से जुड़ी हुई हैं। डा. सिद्धू ३५ वर्षों से विभिन्न संस्थाओं, विश्वविद्यालयों और प्रदेश की टीमों को हॉकी का प्रशिक्षण दे रही हैं।
डा. सिद्धू ने जर्मन कॉलेज आफ फिजिकल कल्चर से स्पोट्‌र्स साइकोलॉजी में मास्टर आफ स्पोर्ट की डिग्री प्राप्त की और इसी संस्थान से उन्होंने स्पोट्‌र्स साइकोलॉजी में डॉक्टरेट भी की है। उन्होंने सन्‌ १९७२ से वर्ष २००१ तक ग्वालियर के लक्ष्मीबाई नेशनल इंस्टीट्‌यूट आफ फिजिकल इंस्टीट्‌यूट यूनिवर्सिटी में अध्यापन कार्य किया। डा. सिद्धू ने वर्ष २००१ में प्रोफेसर पद से वालियंटरी रिटायरमेंट ले लिया।
डा. सिद्धू ने वर्ष २००१ से वर्ष २००५ तक बांग्लादेश इंस्टीट्‌यूट आफ स्पोर्ट, ढाका में स्पोट्‌र्स साइकोलॉजिस्ट के रूप में कार्य किया है। उन्होंने दस खेलों हॉकी, बॉस्केटबाल, बाक्सिंग, फुटबाल, जिम्नास्टिक, शूटिंग, स्वीमिंग, टेनिस और ट्रैक एंड फील्ड में बांग्लादेश की राष्ट्रीय टीमों को सहायता प्रदान की। मैनचेस्टर कॉमनवेल्थ गेम्स २००४ में बांग्लादेश के स्वर्ण पदक जीतने वाले शूटर मोहम्मद आसिफ को डा. अविनाश सिद्धू ने मनोवैज्ञानिक रूप से तैयार किया था। वर्ष २००४ के इस्लामाबाद सैफ गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाले मोहम्मद आसिफ और शर्मीन को भी डा. सिद्धू की मनोवैज्ञानिक सहायता मिली थी।
डा. सिद्धू वर्ष १९६८ में आयोजित प्रथम एशियन महिला हॉकी चैम्पियनशिप में भारतीय टीम की कप्तान रही हैं। भारतीय टीम ने इस प्रतियोगिता में तीसरा स्थान प्राप्त किया था। इसी प्रतियोगिता के प्रदर्शन के आधार पर उन्हें 'ऑल स्टार एशियन इलेवन' में चुना गया। इसके पश्चात्‌ डा. अविनाश सिद्धू ने श्रीलंका, आस्ट्रेलिया, जापान, हांगकांग, यूगांडा, सिंगापुर, न्यूजीलैंड, स्पेन,स्कॉटलैंड के विरूद्ध खेली गई टेस्ट सीरिज में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया और इन देशों के विरूद्ध टेस्ट सीरिज में विजय दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। डा. सिद्धू ने ऑकलैंड (न्यूजीलैंड), बिलबाओ (स्पेन) और एडिनबर्ग (स्कॉटलैंड) में आयोजित इंटरनेशनल फेडरेशन वूमेन हॉकी एसोसिएशन के टूर्नामेंट, जोकि विश्व कप के समकक्ष माना जाता है, में भी भारतीय महिला हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व किया।
डा. सिद्धू ने वर्ष १९६२ से वर्ष १९७४ तक महाकौशल महिला हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने वर्ष १९६३, १९६५ और १९६६ में अंतर विश्वविद्यालयीन महिला हॉकी प्रतियोगिता में जबलपुर विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व किया। वर्ष १९६५ में जबलपुर विश्वविद्यालय की टीम उपविजेता रही। इस टीम का नेतृत्व भी अविनाश सिद्धू ने ही किया था। डा. सिद्धू ने वर्ष १९६८ में पंजाबी यूनिवर्सिटी का प्रतिनिधित्व भी किया।
डा. अविनाश सिद्धू ने सक्रिय हॉकी से निवृत्त होने के पश्चात्‌ कई अंतरराष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिताओं में अम्पायरिंग भी की है। जिसमें १०वें एशियन गेम्स सियोल, द्वितीय इंदिरा गांधी इंटरनेशनल वूमेन हॉकी टूर्नामेंट नई दिल्ली, एशियन जूनियर वूमेन हाकी वर्ल्ड कप क्वालीफाइंग टूर्नामेंट, तृतीय इंटरनेशनल कप फार वूमेन हॉकी, ११वें एशियन गेम्स बीजिंग (फाइनल मैच में आफिशियल), चतुर्थ इंदिरा गांधी इंटरनेशनल वूमेन हॉकी टूर्नामेंट जैसी प्रमुख प्रतियोगिताएं हैं। डा. सिद्धू १९९४ हिरोशिमा गेम्स में भी अम्पायर के रूप में चुनी गईं थीं। डा. अविनाश सिद्धू ने भारतीय महिला हॉकी टीम की मैनेजर के रूप में भी अपनी सेवाएं दी हैं। वे १९८३ से १९८५ तक भारतीय टीम की सिलेक्टर रही हैं। उन्होंने भारतीय महिला हॉकी टीम के लिए स्पोट्‌र्स साइकोलॉजिस्ट के रूप में भी अपनी सेवाएं दी हैं। उनकी पहचान एक श्रेष्ठ कोच के रूप में भी है।
सन्‌ १९७० में डा. अविनाश सिद्धू ने भारतीय महिला वालीबाल टीम का नेतृत्व भी किया। इसके अलावा राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में कई बार उन्होंने मध्यप्रदेश की टीम का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने एथलेटिक्स (ट्रैक एंड फील्ड) के अंतर्गत २०वें नेशनल गेम्स में ४ङ्ग१०० रिले और ८०० मीटर दौड़ में भाग लिया और रिले में कांस्य पदक जीता। १९६३-६४ में उन्हें जबलपुर विश्वविद्यालय का सर्वश्रेष्ठ एथलीट घोषित किया गया। १९६४ में नेशनल बास्केटबाल चैम्पियनशिप में मध्यप्रदेश टीम का प्रतिनिधित्व किया। वर्ष १९६३ एवं १९६५ में डा. सिद्धू ने इंटर यूनिवर्सिटी बास्केटबाल टूर्नामेंट में जबलपुर विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व किया। दोनों प्रतियोगिताओं में वे टीम की कप्तान भी रहीं। वर्ष १९७५ में हॉकी में उत्कृष्ट और उल्लेखनीय प्रदर्शन के लिए डा. सिद्धू को मध्यप्रदेश शासन ने विक्रम अवार्ड से सम्मानित किया।

No comments:

Post a Comment