Tuesday 12 November 2013

सैफ जूनियर एथलेटिक्स में भारत को 20 स्वर्ण के साथ पहला स्थान

रांची में  सम्पन्न हुई द्वितीय दक्षिण एशियाई जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में भारत ने जहां 20 स्वर्ण, 20 रजत और 12 कांस्य के साथ कुल 52 पदक जीतकर अपनी श्रेष्ठता कायम रखी। श्रीलंका ने भी आज हुई 16 स्पर्धाओं में से आठ में स्वर्ण पदक जीतकर प्रतियोगिता में कुल दस स्वर्ण पदकों के साथ दूसरा स्थान हासिल किया।
आज यहां होतवार स्थित अत्याधुनिक बिरसा मुंडा खेल परिसर में एथलेटिक स्टेडियम में श्रीलंका ने मेजबान भारत को कड़ी टक्कर देते हुए 16 स्पर्धाओं में से आठ के स्वर्ण पदक जीत लिये। श्रीलंका ने प्रतियोगिता में कुल दस स्वर्ण, दस रजत और 14 कांस्य के साथ 34 पदक जीते। श्रीलंका के खिलाड़ियों ने जहां कल 14 स्पर्धाओं में सिर्फ दो ही स्वर्ण पदक जीते थे और शेष 12 स्वर्ण पदक भारतीय एथलीटों ने हथियाये थे वहीं आज नजारा बिल्कुल अलग था। वर्ष 2007 में कोलंबो में हुए पहले दक्षिण एशियाई जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता के मुकाबले इस बार भारत को एक स्वर्ण पदक कम मिला। श्रीलंका की ओर से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वालों में आज 110 मीटर बाधा दौड़ में सुपुन विराज रनदेनिया रहे जिन्होंने 13.64 सेकेंड का समय निकालकर इस स्पर्धा में भारत के टी. बालामुरुगन के 14.62 सेकेंड के रिकार्ड में सुधार किया। इस स्पर्धा में इस बार भारत को सिर्फ कांस्य पदक से ही संतोष करना पड़ा जो तरुणदीप सिंह ने 14.51 सेकेंड का समय निकाल कर जीता। रजत पदक भी श्रीलंका के ही मालिन उदय ने 14.41 सेकेंड में जीता।
प्रतियोगिता के दूसरे और अंतिम दिन कुल सात स्पर्धाओं में नये कीर्तिमान स्थापित किये गये जिनमें महिलाओं की 100 मीटर बाधा दौड़ में भारत की मेघना शेट्टी ने 14.54 सेकेंड का समय निकाल कर मीट के भारत की ही सीटी राजी के 14.86 सेकेंड के कीर्तिमान को तोड़ दिया। स्पर्धा में भारत की दीपिका ने रजत और श्रीलंका की इरेशानी ने कांस्य पदक जीते। लड़कियों की ऊंची कूद में श्रीलंका की पूर्णिमा जयमाली ने 1.68 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक जीता जबकि रजत पदक भारत की स्वप्ना वर्मन ने 1.65 मीटर की छलांग लगाकर जीता। कांस्य पदक भी भारत की ही ज्योति ने 1.60 मीटर की छलांग लगाकर जीता। लड़कों की चक्का फेंक प्रतियोगिता भारत के सचिन ने 54.44 मीटर की दूरी के साथ जीती। साथ ही उन्होंने स्पर्धा का पहले का 54 मीटर का रिकार्ड तोड़ने में सफलता पायी। भारत के दिल योगी ने रजत और श्रीलंका के आशेन ने कांस्य पदक जीता। लड़कों की लंबी कूद में भारत के पी. अंबुराजा ने 7.41 मीटर लंबी छलांग लगाकर स्वर्ण पदक जीता और मीट का पूर्व का श्रीलंका के एस नदीश का 7.36 मीटर का कीर्तिमान भी ध्वस्त कर दिया। इस प्रतियोगिता में रजत और कांस्य श्रीलंका ने जीते।
 तीन हजार मीटर की लड़कियों की दौड़ में भारत की पीयू चित्रा ने देश का परचम लहराया। उन्होंने प्रतियोगिता का स्वर्ण पदक 9 मिनट 51.13 सेकेंड के समय के साथ जीता। स्पर्धा का रजत पदक भारत की प्रीती लांबा और कांस्य श्रीलंका ने जीता। लड़कियों की 200 मीटर की दौड़ भारत की एस अर्चना ने मीट रिकार्ड के साथ जीती। उन्होंने यह स्पर्धा 24.32 सेकेंड में जीती जबकि इससे पहले रिकार्ड भारत की जे अरुलप्पन के नाम था जो उन्होंने 2007 में 25.32 सेकेंड के साथ बनाया था। इस प्रतियोगिता में भारत की सी रेंगिथा ने 25.04 सेकेंड और श्रीलंका की निर्मली ने भी 25.23 सेकेंड का समय निकाल कर मीट रिकार्ड तोड़ा लेकिन उन्हें रजत और कांस्य पदक से ही संतोष करना पड़ा। लड़कों की 200 मीटर की दौड़ श्रीलंका के हिमाशा इशान ने 21.44 सेकेंड में जीतकर मीट का रिकार्ड तोड़ दिया जो श्रीलंका के ही एस अंबेपितिवा के नाम था जो 21.91 सेकेंड का था। भारत के हसनदीप सिंह ने 21.63 सेकेंड का समय और श्रीलंका के मलिक खान फर्नांडो ने 21.69 सेकेंड का समय निकाल कर प्रतियोगिता का रजत और कांस्य पदक जीता। इन दोनों ने भी मीट रिकार्ड तोड़ने में सफलता पाई।
भारत के शैलेन्द्र सिंह ने लड़कों की 1500 मीटर दौड़ 4 मिनट 02.39 सेकेंड में जीत कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। लड़कियों की चक्का फेंक प्रतियोगिता श्रीलंका की डब्ल्यू अमंथी ने 41.65 मीटर चक्का फेंक कर जीती जबकि भारत की नंदिनी और मनीषा ने क्रमश: रजत और कांस्य पदक जीता। लड़कियों की लंबी कूद भारत की जेनिमोल जाय ने 5.4 मीटर की छलांग लगाकर जीती जबकि भारत की ही शिपू मंडल ने 5.39 मीटर की छलांग लगाकर रजत पदक जीता। कांस्य पदक श्रीलंका की लक्षिणी ने जीता। भारत की जेसी जोसफ ने 2 मिनट 08.38 सेकेंड में लड़कियों की 800 मीटर की दौड़ जीती। श्रीलंका की नदीशा और भारत की अर्चना ने स्पर्धा का रजत और कांस्य पदक जीता। लड़कियों की 4 गुणा 100 मीटर रिले श्रीलंका की टीम ने 47.31 सेकेंड में जीती। भारत को इस स्पर्धा का रजत और बांग्लादेश को कांस्य पदक हासिल हुआ। लड़कों की 4 गुणा 100 मीटर रिले दौड़ भी श्रीलंका के खिलाड़ियों ने 41.42 सेकेंड में जीती। भारत की टीम 41.81 सेकेंड के साथ दूसरे स्थान पर और 43.15 सेकेंड के साथ पाकिस्तान तीसरे स्थान पर रहा। लड़कियों की 4 गुणा 400 मीटर रिले श्रीलंका ने 3 मिनट 51.04 सेकेंड में जीती। भारत की टीम इस स्पर्धा में 3 मिनट 59.14 सेकेंड से दूसरे स्थान पर रही। बांग्लादेश ने प्रतियोगिता का कांस्य जीता। श्रीलंका की टीम ने लड़कों की 4 गुणा 400 मीटर की दौड़ भी 3 मिनट 15 46 सेकेंड में जीती। भारत की टीम 3 मिनट 15.66 सेकेंड से दूसरे स्थान पर रही जबकि बांग्लादेश ने कांस्य पदक जीता। दूसरी सैफ जूनियर एथलेटिक्स में तीसरे स्थान पर बांग्लादेश रहा जिसे तीन कांस्य पदक मिले जबकि पाकिस्तान की टीम को सिर्फ एक कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा और उसकी टीम चौथे स्थान पर रही। मालदीव और नेपाल का इस प्रतियोगिता में खाता नहीं खुल सका। अगली सैफ जूनियर एथलेटिक्स श्रीलंका के कोलंबो में 2015 में होगी। 

No comments:

Post a Comment