Saturday 14 March 2015

ग्लैमर की गुगली पर बोल्ड क्रिकेटर

अपने देश में क्रिकेटर हो या फिल्म अिभनेत्री, स्टार का दर्जा मिल ही जाता है। ग्लैमर की दुिनया  भी क्रिकेटरों को लपकने में देर नहीं लगाती। शोहरत व दौलत के खिलाड़ी और सिने तािरकाएं गाहे-बगाहे करीब आ ही जाते हैं। ये नज़दीकियां प्यार में तबदील होते देर नहीं लगती। इन दिनों विराट व अनुष्का की नज़दीकियां सुर्खियों में हैं।  

विराट कोहली के साथ उनके अफेयर की बातें अब किसी के लिए जिज्ञासा का विषय नहीं रह गयी हैं। इस ओपन सीक्रेट को लेकर बीच-बीच में जरूर कुछ दिलचस्प खबरें सुनने को मिलती हैं। अब जैसे कि हाल में यह सुनने को आया है कि वर्ल्ड कप में विराट अपने प्रदर्शन को लगातार बेहतर बनाये रख सकें, इसके लिए अनुष्का एक नीले रंग के स्कार्फ पर भरोसा कर रही हैं। उल्लेखनीय है कि यह स्कार्फ विराट ने अनुष्का को गिफ्ट किया था। और यही स्कार्फ  अब अनुष्का के लिए लॅकी मस्कट बन गया है। अनुष्का को यकीन है कि यह स्कार्फ  उनके पास रहेगा तो विराट जरूर अच्छे रन बनायेंगे। इसलिए नीले रंग के स्कार्फ को वह किसी भी तरह से अपने हाथों से छोड़ने के लिए तैयार नहीं है। वह कहीं भी जाये,अपने पर्स में इस स्कार्फ  को रखना कभी नहीं भूलती।
शादी अभी नहीं
अब जाहिरा तौर पर यह जिज्ञासा होती है कि यह रोमांस कब परवान चढ़ा। देखा जाये तो एक साल से ज्यादा होने को आया जब पहली बार दोनों के आंखें चार हुई थीं। इसकी शुरुआत हुई थी एक एड फिल्म की शूटिंग के दौरान। इसके बाद दोनों एक-दूसरे को इस कदर भा गये कि अकसर एक साथ नजर आने लगे। माडल से लेकर प्रेस शो और पार्टी तक। यह सिलसिला आज भी बदस्तूर जारी है। बीच में यह खबर भी आयी थी कि दोनों जल्द शादी कर लेंगे। अनुष्का से इस बारे में पूछने पर उनका जवाब बहुत डिप्लोमेटिक होता है, ‘आखिर खबर बनाने वाले लोग तो आप हैं। मैंने तो कभी ऐसा नहीं कहा। विराट मेरा अच्छा दोस्त है। पर जब कोई इसे अफेयर का नाम देता है तो एक चिढ़ पैदा हो जाती है। मैं विराट के साथ मिलती हूं पर इसका कोई अलग मीनिंग मत निकालिये। ऐसे में शादी की बात कहां से  आ जाती है। वह तो जब मैं करूंगी ढिंढोरा पीट कर करूंगी।’ पर इन बातों का एक दूसरा सच यह है कि दोनों रोमांस की गाड़ी पर अभी भी सवार रहेंगे और दो साल बाद ही शादी करेंगे। इस बीच दोनों ही अपने कॅरिअर को मजबूत करेंगे। जहां विराट अपने क्रिकेट की चमक को और बढ़ाना चाहते है वहीं टेस्ट कप्तानी के बाद वन-डे की कप्तानी पाने का उनका इरादा है। वहीं अनुष्का जहां लगातार बतौर एक्ट्रेस अपने आपको प्रू्व कर रही हैं। फिल्म निर्माण में भी उन्होंने अपना कदम बढ़ा दिया है। इसमें उनके भाई करुणेश उनके सहयोगी हैं। उनकी पहली निर्मित फिल्म एनएच-10 दर्शकों के बीच है। लेकिन इससे पहले ही उन्होंने अपनी दूसरी  फिल्म की घोषणा कर दी है। इसलिए फिलहाल दोनों के पास रोमांस के लिए काफी वक्त है। पर शादी के बारे में दोनों जरा भी सोच नहीं रहे।
टाइगर और शर्मिला
वैसे देखा जाये तो किकेट और फिल्म तारिकाओं की प्रेम कहानी को अकसर सुखद अध्याय नहीं मिला। इस मामले में पटौदी-शर्मिला और अजहर-संगीता बिजलानी ही ऐसे दो उदाहरण  सामने आते हैं, जिनका रोमांस परिणय सूत्र में परिणत हुआ। उनके रोमांस और शादी की कहानी वर्षों पुरानी है। उसे ज्यादा विस्तार से बताने की जरूरत नहीं है। 1967 या ’68 की बात है। क्रिकेट की दीवानी शर्मिला ने एक मैच के दौरान टाइगर यानी पटौदी के खेल की क्या तारीफ की कि पटौदी उनके दीवाने हो गये। मगर उन्होंने अपने रोमांस को लंबा नहीं खींचा। 1969 में दोनों परिणय सूत्र में बंध गये। शादी के बाद आइशा बेगम साहिबा बनने के बाद भी शर्मिला ने फिल्मों में काम करना बंद नहीं किया। उनके शौहर पटौदी को इस पर कोई आपत्ति नहीं थी। बाद में पटौदी ने अपने दोनों बच्चों सैफ और सोहा के फिल्मों में आने पर भी कोई पाबंदी नहीं लगायी । सच तो यह है कि पटौदी चाहते थे कि सैफ क्रिकेटर बने, मगर सैफ ने जैसे ही एक्टर बनने की इच्छा व्यक्त की, वह तुरंत तैयार हो गये। कुछ ऐसा सोहा के साथ हुआ। अत्यंत उच्च शिक्षित सोहा ने अचानक ही अच्छी विदेशी कंपनी की नौकरी छोड़कर फिल्मों में आने का मन बनाया। तब भी बेहद उन्मुक्त विचारों के पटौदी कुछ नहीं बोले। बाद में सोहा ने भी अपने भाई सैफ की तरह प्रेम विवाह किया। पटौदी  ने शर्मिला के साथ अपनी शादी ता-उम्र निभायी। इन दिनों उनके जाने के बाद उनकी बेवा शर्मिला उनके कई अधूरे कामों को पूरा कर रही हैं।
संगीता-अजहर
पटौदी-शर्मिला के नायाब रोमांस की तुलना में क्रिकेटर मोहम्मद अजहरुदीन और माडल-अभिनेत्री संगीता बिजलानी का रोमांस ज्यादा जोशीला था,मगर यह जोश ज्यादा दिनों तक नहीं टिका। दो साल के लंबे रोमांस के बाद अजहर ने संगीता से 1996 में निकाह किया था। तब अजहर ने संगीता से निकाह के लिए अपनी पहली बीवी से तलाक भी ले लिया था। यह खबर भी आयी थी कि दोनों मिलकर संयुक्त रूप से फिल्म का निर्माण भी करेंगे। पर जल्द ही अजहर का सम्मोहन संगीता से टूटा। और लगभग 4 साल के दांपत्य जीवन के बाद 2010 में उन्होंने संगीता से भी तलाक ले लिया। सूत्र बताते हैं कि अपने पुराने प्रेमी सलमान खान के प्रति अति अनुराग होने की वजह से अजहर ने उनसे तलाक लिया। बहरहाल इन दिनों संगीता फिर से फिल्मी गलियारे में घूम रही हैं। दूसरी ओर अजहर कांग्रेस के पिटे हुए मोहरे बनकर अपने राजनीति के टूटे हुए किरचों को फिर से समेटने की कोशिश कर रहे हैं।
गैरी सोबर्स-अंजु महेंद्रू
वैसे क्रिकेटर और फिल्म तारिकाओं के रोमांस के किस्सों की लंबी दास्तां है। दूसरे फिल्मी रोमांस की तरह इनका रोमांस भी शादी तक कम ही पहुंचता है। ऐसी कुछ रोमांटिक जोड़ियों में गैरी सोबर्स-अंजु महेंद्रू, रवि शास्त्री-अमृता सिंह, विवियन रिचड‍्र्स-नीना गुप्ता, सचिन तेंदूलकर-शिल्पा शिरोडकर, सौरभ गांगुली-नगमा, युवराज सिंह-किम दीपिका, नेहा धूपिया, महंेद्र सिंह धोनी-दीपिका, जहीर-ईशा श्रावणी,  हरभजन सिंह-गीता बसरा आदि। वक्त के अंतराल के साथ इनके रोमांस के किस्से भी खूब मशहूर हुए। इनके रोमांस में एक गर्माहट भी नजर आयी। पर बाद में दोनों ही चलो एक बार फिर से अजनबी बन जायें ….गाते हुए अलग हो गये। अब जैसे कि जब महान क्रिकेटर सर गैरफील्ड सोबर्स ने अभिनेत्री अंजु महेंद्रू को सगाई की अंगूठी पहनायी, तब यह माना जा रहा था कि वह अंजु से शादी करके ही अपने देश लौटेंगे। लेकिन अपने देश में जाकर उन्होंने अपनी एक नयी दुनिया बसा ली। दोनों के लिए यह रोमांस क्षण भर में एक भूली हुए दास्तां बन गया। बाद में अंजु ने काका यानी राजेश खन्ना को अपना प्रेम समर्पित कर दिया। यह रोमांस वर्षों तक चला। लेकिन काका ने शादी के मामले में उन्हें अंगूठा दिखा दिया। अंजु बाद में अभिनेता अमजद खान के अभिनेता भाई इम्तियाज खान की बीवी बनी। इम्तियाज की मृत्यु के बाद आज वह 69 की इस उम्र में अपने काम में मशगूल हैं।
युवराज-किम
अब जरा दिलचस्प अफेयर पर एक नजर। कभी सचिन अभिनेत्री शिल्पा शिरोडकर के अफेयर की बातें खूब सुनने को मिला करती थीं। पर इस खबर पर जल्द फुल स्टाप लग गया। बाद में उनसे पांच साल बडी अंजलि ने उन्हें पूरी तरह से क्लीन बोल्ड कर दिया। कभी सौरभ के कॅरिअर के चरम पर अभिनेत्री नगमा के साथ उनके अफेयर के बारे में बच्चा-बच्चा जान गया था। पर सौरभ ने परिवार और कॅरिअर के लिए नगमा को जल्द ही अपने से दूर कर दिया। हां,युवराज सिंह जरूर एक बी ग्रेड की हीरोइन किम से शादी करने के लिए बेताब थे। पर किम उन्हें अपना प्रेमी ही बनाये रखना चाहती थी  जो युवराज को पसंद नहीं था।  युवराज की मां भी किम को पसंद नहीं करती थी। विषयान्तर करने से पहले यहां यह बताना जरूरी है कि किम ने आदित्य चोपड़ा की फिल्म मोहब्बतें से फिल्म इंडस्ट्री में  एंट्री ली थी। मगर बाद में बी ग्रेड की फिल्मों में वह उलझ कर रह गयी। जहां तक युवराज का सवाल है, इसके बाद दीपिका,नेहा धूपिया आदि कई तारिकाओं के साथ उनका नाम जुड़ा। पर इसका एक दूसरा सच यह है कि युवराज आज भी कुंआरे हैं।
कुछ यही हाल महेंद्र सिंह धोनी के साथ भी हुआ। कभी धोनी का नाम दीपिका, बिपाशा आदि के साथ जुड़ा। बिपाशा के प्रति उनकी आत्मीयता एक एड फिल्म की शूटिंग के दौरान परवान चढ़ी थी लेकिन उनका कोई अफेयर कभी ज्यादा सुनायी नहीं पड़ा। बाद में साक्षी ने उनका कैच लपक लिया। अब बारी है जहीर-ईशा श्रावणी और हरभजन सिंह-गीता बसरा के रोमांस की। पिछले कई सालों से इन दोनों जोड़ियां के प्यार  के किस्से सुनायी देते हैं पर इनकी शादी के बारे में कोई पक्की खबर अभी तक नहीं आयी है। बीच-बीच में इनके ब्रेक-अप की खबरें भी आती हैं। फिर अचानक किसी मौके पर नजर आकर ये यह जतला देते हैं कि इनका रोमांस जिंदा है। ऐसे में एकमात्र विराट और अनुष्का का रोमांस ही पूरी तरह से जीवंत दिखायी पड़ता है। इनका गुपचुप मिलना भी जारी है। पिछले दिनों एडिलेट में दोनों  मिले। अब उम्मीद तो यही की जाती है कि इस मेल-मिलाप को जल्द ही एक ठोस आधार मिलेगा।
रिचड‍्र्स-नीना गुप्ता
वैसे विदेशी क्रिकेटरों के रोमांस का अर्द्धसत्य समझना बडा मुश्किल है। वह खेल के सिलसिले में इस देश में आते हैं। किसी फिल्म तारिका के प्रेमपाश में बंधते है। फिर खेल खत्म हाेता है और विदेश लौटने के बाद इनका रोमांस भी खत्म हो जाता है। बेहद भाव प्रवण अभिनेत्री नीना गुप्ता और विवियन रिचड‍्र्स का प्यार भी कुछ ऐसा ही था। इस प्यार में एक गुल भी खिला। यह गुल यानी उन दोनों की बिटिया मसाबा आज बड़ी हो चुकी है।  वह एक बड़ी डिजायनर है। लेकिन इसका एक दूसरा सच यह है कि नीना को आज भी एक अविवाहित मां माना जाता है। विवियन के साथ उनकी शादी नहीं हुई। कुछ कानूनी उलझनें थीं। लेकिन मसाबा को दोनों का नाम मिला है। बाद में नीना गुप्ता ने दिल्ली बेस्ड एक चार्टर्ड एकांउटेंट विवेक मेहरा से शादी रचा ली। वैसे रिचड‍्र्स जब भी इंडिया आते हैं तो बेटी मसाबा और पुरानी प्रेयसी नीना से जरूर मिलते हैं।
ग्लैमर का सम्मोहन
क्रिकेटर और फिल्मी सितारों का साथ सिर्फ रूपहले पर्दे की तारिकाओं तक ही सीमित नहीं है। सच तो यह है कि कई क्रिकेटर फिल्मी तारिकाओं में ही नहीं, फिल्मों में भी बेहद दिलचस्पी लेते हैं। फिल्मी पार्टियों और शो में इनकी उपस्थिति एक सामान्य-सी बात हो चुकी है। लेकिन पर्दे के पीछे का यह सम्मोहन कई बार उन्हें रूपहले पर्दे के लिए भी बाध्य करता है। सुनील गावस्कर, संदीप पाटिल, सैयद किरमानी, कपिल देव, अजय जडेजा, सलिल अंकोला, विनोद कांबली, अंगद बेदी, युवराज सिंह, हरभजन सिंह जैसे क्रिकेटरों की एक लंबी फेहरिस्त है, जिन्होंने फिल्मों में आने का हर आफर कबूल किया। सलिल अंकोला तो इसमें एक अच्छे उदाहरण के तौर पर सामने आये। अच्छे व्यक्तित्व के धनी सलिल ने बतौर हीरो के तौर पर कई फिल्मों में काम किया और जब बात नहीं बनी तो टीवी पर काफी काम किया। इन दिनों धोनी के बायोपिक पर बनने वाली फिल्म में हरभजन और युवराज के काम करने की चर्चा है। उल्लेखनीय है कि फिल्म में क्रिकेटर धोनी की मुख्य भूमिका अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत कर रहे हैं। क्रिकेटर फिल्मी तारिकाओं के साथ रोमांस करने के साथ फिल्मों में भी काम करने का कोई मौका मिस नहीं करते। वैसे ग्लैमर के मारे सिर्फ क्रिकेटर नहीं होते, अन्य खेलों से जुड़े खिलाडी भी इससे बच नहीं पाते। इसके लिए विजेंदर सिंह, लियेंडर पेस, महेश भूपति का नाम लिया जा सकता है।
विदेशी क्रिकेटर भी अछूते नहीं
फिल्म तारिकाओं से रोमांस करने के मामले में विदेशी क्रिकेटरों का नाम भी खूब लिया जाता है। साउथ अफ्रीका के चर्चित क्रिकेटर जैक कैलिस,आस्ट्रेलिया के वर्तमान कप्तान माइकल क्लार्क, कालजयी स्पिनर शेनवार्न, वेस्टइंडीज के ब्रायन लारा, क्रिस गेल आदि। जैक कैलिस के सोलह साल के क्रिकेट जीवन में हर साल उनकी गर्लफ्रेंड बदल जाती थी। उल्लेखनीय है कि इसमें किसी विदेशी तारिका या माॅडल का ही नाम होता था। कभी ब्रायन लारा का एक विदेशी तारिका से काफी रोमांस चला था। शेनवार्न और अभिनेत्री लिज हर्ले का रोमांस भी काफी चला। इन दिनों उनका विदेशी हीरोइन से रोमांस चल रहा है। आस्ट्रेलिया के एक और खिलाड़ी माइकल क्लार्क ने हाॅलीवुड से जुड़ी फ्लोरा विंगल से प्रेम विवाह किया। क्रिस गेल तो प्यार के मामले में बहुत उन्मुक्त हैं। पिछले साल एक एड फिल्म की शूटिंग के दौरान अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा से भी उन्हें खूब फ्लर्ट करते हुए देखा गया। बाद में उन्हें कई मौकों पर साथ देखा गया। मगर आईपीएल खत्म होने के बाद उनका अफेयर भी खत्म हो गया। फिलहाल उनका एक माडल से रोमांस चल रहा है।

No comments:

Post a Comment