Saturday 3 January 2015

स्वस्थ रहना है तो कुश्ती लड़ें: मुलायम सिंह

अपनी पहलवानी के साथ-साथ सेहत का भी ध्यान रखें: मुख्यमंत्री अखिलेश यादव
सैफई (इटावा)। स्वस्थ रहना है तो कुश्ती लड़ें। पहलवानी करने से शरीर एकदम स्वस्थ और फु र्तीला रहता है। पहलवानी करने से कोई भी बीमारी पास नहीं आती। इसलिये लोग अपने शरीर को स्वस्थ रखने के लिये पहलवानी जरूर करें यह बात  समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने रणवीर सिंह स्मृति सैफई महोत्सव में आयोजित नत्थू सिंह स्मृति अखिल भारतीय दंगल में खेलप्रेमियों से कही।
 इस अवसर पर मुलायम सिंह यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को हर मुमकिन मदद देगी। सरकार खेलों की दिशा में सकारात्मक सोच से काम कर रही है। सपा प्रमुख ने कहा कि देश को आगे बढ़ाने के लिये सबसे पहले हमें महिलाओं का पिछड़ापन दूर करना पड़ेगा। एक महिला के साक्षर होने से दो परिवारों का सम्मान बढ़ता है। एक परिवार वो है जिसमे महिला रहती है और एक परिवार वो है जिसमें महिला जाती है। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रतियोगिता में भाग लेने आये बड़ी संख्या में उपस्थित पहलवानों से कहा कि वह अपनी पहलवानी के साथ-साथ सेहत का भी ध्यान रखें। उन्होंने सभी पहलवानों को बधाई दी और उत्साहवर्धन किया। लोक निर्माण मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने कुश्ती प्रतियोगिताओं को प्रोत्साहन दिये जाने पर बल देते हुए कहा कि कुश्ती हमारा परम्परागत प्राचीन खेल है। उन्होंने पहलवानों के बीच जाकर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर सांसद प्रो़ रामगोपाल यादव, सांसद, अध्यक्ष सैफई महोत्सव समिति धर्मेंन्द्र यादव, सांसद तेजप्रताप यादव उपस्थित जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों ने पहलवानों का उत्साहवर्धन किया। खेलमंत्री रामकरन आर्य ने पहलवानों से हाथ मिलाया और विजेता पहलवानों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

No comments:

Post a Comment