Wednesday 2 September 2015

सानिया मिर्जा को मिला सर्वोच्च राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार-Page-4




नयी दिल्ली। टेनिस स्टार सानिया मिर्जा को राष्ट्रपति भवन में खेल दिवस पर भव्य समारोह में प्रतिष्ठित राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया जबकि जीतू राय सहित कई अन्य खिलाड़ियों ने अर्जुन पुरस्कार हासिल किये। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने सानिया को पुरस्कार प्रदान किया। वह मैरून रंग की साड़ी और नीला ब्लेजर पहने हुए थीं। दरबार हाल में में तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उन्होंने पुरस्कार प्राप्त किया। दरबार हाल में तब खेल मंत्री सर्बानंद सोनोवाल सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
लिएंडर पेस के बाद सानिया देश का सर्वोच्च खेल पुरस्कार पाने वाले दूसरी टेनिस खिलाड़ी हैं। उन्हें यह पुरस्कार तब दिया गया जब अदालत में उन्हें खेल रत्न दिये जाने को लेकर सवाल उठाये हैं। राष्ट्रपति ने इस अवसर पर अर्जुन पुरस्कार भी वितरित किये। क्रिकेटर रोहित शर्मा, मुक्केबाज मनदीप जांगड़ा और धाविका एमआर पूवम्मा पुरस्कार हासिल करने के लिए उपस्थित नहीं थे। सेवानिवृत न्यायाधीश वीके बाली की अगुवाई वाली समिति ने कुल 17 नामों को अर्जुन पुरस्कार देने की सिफारिश की थी। राष्ट्रपति भवन में उपस्थित लोगों की सबसे अधिक तालियां सानिया को मिलीं जिन्होंने पदक, प्रमाण-पत्र और 7.50 लाख रुपये का नकद पुरस्कार हासिल किया। अर्जुन पुरस्कार विजेताओं को अर्जुन की प्रतिमा, प्रमाण-पत्र और पांच लाख रुपये नकद दिये गये।
इस बार भी रही विवादों की साया
इस बार भी पुरस्कार विवादों से घिरे रहे। कुछ एथलीटों और कोचों ने मंत्रालय से नियुक्त पैनल की सिफारिशों को स्वीकार नहीं किया। जब लग रहा था कि इस बार के समारोह से पहले कोई विवाद नहीं होगा तभी परा एथलीट एचएन गिरिशा ने सानिया को खेल रत्न देने की सिफारिश को कर्नाटक उच्च न्यायालय में चुनौती दे दी। गिरिशा को अब भी पुरस्कार मिलने की उम्मीद है वहीं कुश्ती कोच विनोद कुमार का मामला अदालत में लंबित है। विनोद ने उच्च न्यायालय में याचिका दायर करके दावा किया कि वह अनूप कुमार की तुलना में द्रोणाचार्य पुरस्कार पाने के अधिक हकदार है। सरकार से नियुक्त पैनल ने अनूप कुमार के नाम की सिफारिश की थी। यह अगले सप्ताह पता चलेगा कि उन्हें द्रोणाचार्य मिलेगा या नहीं। स्टार निशानेबाज जीतू राय के लिए यह गौरवशाली क्षण था जिन्होंने पिछले दो वर्षों में शानदार प्रदर्शन किया है। उनके अलावा राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला जिम्नास्ट दीपा करमाकर, हाकी स्टार पीआर श्रीजेश और पहलवान बबिता को भी अर्जुन पुरस्कार दिया गया।
 इन्हें किया गया सम्मानित
राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार: सानिया मिर्जा।
अर्जुन पुरस्कार 2015: पीआर श्रीजेश हॉकी, दीपा करमाकर  जिम्नास्ट, जीतू राय निशानेबाजी, संदीप कुमार तीरंदाजी, मनदीप जांगड़ा मुक्केबाजी, बबिता फोगाट कुश्ती, बजरंग कुश्ती, रोहित शर्मा क्रिकेट, के. श्रीकांत बैडमिंटन, स्वर्ण सिंह विर्क रोइंग, सतीश शिवालिंगम भारोत्तोलन, सांतोई देवी वुशू, शरत गायकवाड़ परा सेलिंग, एमआर पूवम्मा एथलेटिक्स, मनजीत छिल्लर कबड्डी, अभिलाषा महात्रे कबड्डी, अनूप कुमार यामा  रोलरस्केटिंग।
 द्रोणाचार्य पुरस्कार : नवल सिंह एथलेटिक्स परा खेल, अनूप सिंह कुश्ती, हरबंस सिंह एथलेटिक्स जीवनपर्यंत, स्वतंत्र राज सिंह मुक्केबाजी जीवनपर्यंत, निहार अमीन  तैराकी जीवनपर्यंत।
 ध्यानचंद पुरस्कार: रोमियो जेम्स हॉकी, शिवप्रकाश मिश्रा टेनिस, टीपीपी नायर वालीबाल।

सचिन को आउट करने वाला पाकिस्तानी गेंदबाज सिडनी में चला रहा है टैक्सी
नयी दिल्ली। क्रिकेट खेलने वाले तमाम गेंदबाजों की एक ही इच्छा होती है वह सचिन जैसे महान क्रिकेटर का विकेट ले।  ऐसी इच्छा रखने वालों में शेन वॉर्न से लेकर मुथैया मुरलीधरन तक शामिल रहे हैं। पाकिस्तान क्रिकेट टीम का एक महान गेंदबाज अरशद खान जो चमकने से पहले ही बुझ गया। उसने सचिन का विकेट लेकर दुनिया में अपनी पहचान बना ली थी लेकिन आज वह क्रिकेट की दुनिया से काफी दूर जा चुका है।
जी हां पाकिस्तान क्रिकेट टीम में सकलैन मुश्ताक जैसे महान स्पिनर के होने से अरशद को टीम में अधिक समय तक खेलने का मौका नहीं मिला। ढलती उम्र के कारण उसने बहुत जल्द क्रिकेट से संन्यास ले लिया। संन्यास के बाद अरशद की कोई खबर नहीं है। अचानक आॅस्ट्रेलिया के एक शख्स ने अपने फेसबुक वॉल पर अरशद की कार चलाती फोटो पोस्ट की और सोशल मीडिया में अरशद की चर्चा होने लगी। जी हां कभी पाकिस्तान की ओर से खेलते हुए सचिन तेंदुलकर का विकेट लेने वाला खिलाड़ी आज अपना पेट पालने के लिए सिडनी में कार चला रहा है।
 गणेश बिरले ने अरशद से बात की। बातचीत में उसने अपने को पाकिस्तानी बताया लेकिन कहा कि वह लम्बे समय से आॅस्ट्रेलिया में रह रहा है और उबर कैब चला रहा है। गणेश को अरशद ने बताया कि वह पाकिस्तान और इंडियन सुपर लीग में हैदराबाद के लिए खेल चुके हैं। यह सुन कर गणेश चकित रह गया। गौरतलब है कि अरशद खान ने पाकिस्तान की ओर से 9 टेस्ट और 56 वनडे मैच खेले हैं। अरशद ने अपना अंतिम टेस्ट और अंतिम वनडे भारत के खिलाफ खेला था। 56 वनडे में अरशद ने 32 विकेट और फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 601 विकेट लिये हैं। अरशद ने अपने पहले ही वनडे मैच में सचिन तेंदुलकर को आउट किया था।

No comments:

Post a Comment