Thursday 3 September 2015

महिला हॉकी 36 साल बाद खेलेगी ओलम्पिक

मेजर ध्यानचंद को मिला बर्थडे गिफ्ट

नई दिल्ली। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के जन्मदिन और खेल दिवस के मौके पर खेल प्रशंसकों की खुशियां महिला हॉकी टीम के अगले वर्ष होने वाले रियो ओलम्पिक के लिये क्वालीफाई करने की खबर के साथ ही दोगुनी हो गयीं।
हॉकी वर्ल्ड लीग सेमीफाइनल्स में पांचवें स्थान पर आने के बाद महिला टीम से उम्मीद की जा रही थी कि वो रियो ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई करेगी। यूरो हॉकी चैम्पियनशिप में इंग्लैंड और हॉलैंड के फाइनल में पहुंचने के साथ ही भारतीय टीम का रियो ओलम्पिक के लिए रास्ता खुल गया। इंग्लैण्ड ने यूरो हॉकी चैम्पियनशिप जीत ली।
 भारतीय महिला हॉकी टीम ने पहली बार वर्ष 1980 में ओलम्पिक में शिरकत किया था। 36 साल बाद अब वह दूसरी बार खेलों के महाकुंभ ओलम्पिक का हिस्सा बनेगी। जिसमें 12 टीमें शिरकत करेंगी। भारतीय महिला टीम के रियो ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई करने पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए खेल मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि खेल दिवस के अवसर पर महिला हॉकी टीम के ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई करने से इस मौके का महत्व बढ़ गया है। महिला हॉकी टीम की इस शानदार उपलब्धि पर मैं उनको बधाई देता हूं।
पुरुष हॉकी टीम पहले ही रियो के लिए क्वालीफाई कर चुकी है और अब महिला टीम ने भी रियो ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई करके खेल दिवस के इस मौके को खास बना दिया है। हम उम्मीद करते हैं कि पुरुष और महिला टीम अगले वर्ष होने वाले ओलम्पिक में अपना शानदार प्रदर्शन करते हुए देश के लिए पदक जीतेगी।
महिला हॉकी टीम को उनकी शानदार उपलब्धि पर अपनी बधाई देते हुए हॉकी इंडिया के अध्यक्ष नरेंद्र ध्रुव बत्रा ने कहा कि महिला हॉकी टीम का ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई करना हम सभी के लिए एक गौरवपूर्ण क्षण है। हमें 36 साल के लम्बे इंतजार के बाद यह खुशी मिली है। महिला टीम ने इसके लिए कड़ी मेहनत की थी और मैं उन्हें उनकी इस शानदार सफलता पर बधाई देता हूं। मैं उम्मीद करता हूं कि महिला टीम अपने इस बेहतरीन प्रदर्शन को जारी रखते हुए ओलम्पिक में देश के लिए पदक जीतेगी। बयान के अनुसार, यूरो हॉकी चैम्पियनशिप का विजेता इंग्लैण्ड यूरोपीय महाद्वीपीय विजेता के रूप में 2016 ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई करेगा जिससे एक क्वालीफिकेशन स्थान बच गया जो भारत को हॉकी विश्व लीग सेमीफाइनल्स से क्वालीफाई नहीं करने वाली सबसे बेहतर रैंकिंग वाली टीम के रूप में मिला।
भारत अब पहले ही क्वालीफाई कर चुकी नौ अन्य टीमों के साथ ओलम्पिक में हिस्सा लेगा। इससे पहले दक्षिण कोरिया, अर्जेण्टीना, ग्रेट ब्रिटेन, चीन, जर्मनी, नीदरलैंड, आॅस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और अमेरिका रियो ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई कर चुके हैं। भारतीय महिला हॉकी टीम ने पिछली बार 1980 मास्को खेलों में हिस्सा लिया था जहां टीम चौथे स्थान पर रही थी। हॉकी इंडिया ने महिला हॉकी टीम की इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए सराहना की। हॉकी इंडिया के अध्यक्ष नरिंदर बत्रा ने कहा, यह हाकी इंडिया और पूरे देश के लिए गर्व की बात है। हम पिछले 36 साल से इसका इंतजार कर रहे थे और यह उपलब्धि हाल के समय की सभी पिछली उपलब्धियों में सबसे यादगार है। हॉकी इंडिया ने इस दौरान खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ को भी बधाई दी। भारत रियो ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई करने वाली 10वीं टीम है। अंतिम दो टीमों का फैसला मिस्र में होने वाले 2015 अफ्रीका कप फोर नेशन्स और नवम्बर में न्यूजीलैंड में होने वाले 2015 ओसियाना कप से होगा।

No comments:

Post a Comment