Wednesday 17 May 2017

खेलों की हरफनमौला अविनाश कौर सिद्धू

बहुआयामी व्यक्तित्व की धनी
श्रीप्रकाश शुक्ला
खेलों में मध्य प्रदेश की महिला खिलाड़ियों में अविनाश कौर सिद्धू वह नाम है जिसे हम महायोद्धा कहें तो अतिश्योक्ति न होगी। यद्यपि उन्हें वह सम्मान नहीं मिला जिसकी कि वह हकदार हैं। मध्य प्रदेश महिला हाकी एकेडमी की पहली प्रशिक्षक अविनाश कौर सिद्धू रहीं। उनका अनुशासन लोगों को रास नहीं आया और वह खिलाड़ियों को अपना हुनर लम्बे समय तक नहीं सिखा सकीं। शायद बहुत कम लोगों को पता होगा कि वह हाकी के साथ-साथ वालीबाल की भी आला खिलाड़ी रहीं। सच कहें तो अविनाश कौर खेलों के लिए ही पैदा हुईं।
कड़ी प्रतिस्पर्धा के कारण जब एक खेल में भारत के लिए प्रतिनिधित्व करना मुश्किल हो तब दो खेलों में देश का प्रतिनिधित्व करना विशिष्ट उपलब्धि ही कही जाएगी। इस उपलब्धि को जबलपुर की डा. अविनाश कौर सिद्धू ने हासिल किया। उन्होंने वर्ष 1967 से वर्ष 1975 तक भारतीय महिला हॉकी टीम और वर्ष 1970 में भारतीय वालीबाल टीम का प्रतिनिधित्व किया। अविनाश कौर का बहुआयामी व्यक्तित्व है। वे लगभग चार दशक से हॉकी से जुड़ी हुई हैं। डा. सिद्धू तीन दशक से भी अधिक समय से विभिन्न संस्थाओं, विश्वविद्यालयों और प्रदेश की टीमों को हॉकी का प्रशिक्षण दे रही हैं।
डा. सिद्धू ने जर्मन कॉलेज आफ फिजिकल कल्चर से स्पोट्‌र्स साइकोलॉजी में मास्टर आफ स्पोर्ट की डिग्री प्राप्त की और इसी संस्थान से उन्होंने स्पोट्‌र्स साइकोलॉजी में डॉक्टरेट भी किया। उन्होंने सन्‌ 1972 से वर्ष 2001 तक ग्वालियर के लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा संस्थान में अध्यापन कार्य किया। डा. सिद्धू ने वर्ष 2001 में प्रोफेसर पद से वालियंटरी रिटायरमेंट ले लिया। डा. सिद्धू ने वर्ष 2001 से वर्ष 2005 तक बांग्लादेश इंस्टीट्‌यूट आफ स्पोर्ट ढाका में स्पोट्‌र्स साइकोलॉजिस्ट के रूप में कार्य करने के साथ हॉकी, बॉस्केटबाल, बाक्सिंग, फुटबाल, जिम्नास्टिक, शूटिंग, स्वीमिंग, टेनिस और ट्रैक एण्ड फील्ड में बांग्लादेश की राष्ट्रीय टीमों को सहायता प्रदान की। मैनचेस्टर कॉमनवेल्थ गेम्स 2004 में बांग्लादेश के स्वर्ण पदक जीतने वाले शूटर मोहम्मद आसिफ को डा. अविनाश सिद्धू ने मनोवैज्ञानिक रूप से तैयार किया था। वर्ष 2004 के इस्लामाबाद सैफ गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाले मोहम्मद आसिफ और शर्मीन को भी डा. सिद्धू की मनोवैज्ञानिक सहायता मिली थी।
डा. सिद्धू वर्ष 1968 में आयोजित प्रथम एशियन महिला हॉकी चैम्पियनशिप में भारतीय टीम की कप्तान रहीं। भारतीय टीम ने इस प्रतियोगिता में तीसरा स्थान प्राप्त किया था। इसी प्रतियोगिता के प्रदर्शन के आधार पर उन्हें ऑल स्टार एशियन इलेवन में चुना गया। इसके पश्चात डा. अविनाश सिद्धू ने श्रीलंका, आस्ट्रेलिया, जापान, हांगकांग, यूगांडा, सिंगापुर, न्यूजीलैंड, स्पेन, स्कॉटलैंड के विरुद्ध खेली गई टेस्ट सीरीज में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया और इन देशों के विरुद्ध टेस्ट सीरीज में विजय दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। डा. सिद्धू ने ऑकलैंड (न्यूजीलैंड), बिलबाओ (स्पेन) और एडिनबर्ग (स्कॉटलैंड) में आयोजित इंटरनेशनल फेडरेशन वूमेन हॉकी एसोसिएशन के टूर्नामेंट जोकि विश्व कप के समकक्ष माना जाता है, में भी भारतीय महिला हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व किया।
डा. सिद्धू ने वर्ष 1962 से वर्ष 1974 तक महाकौशल महिला हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने वर्ष 1963, 1965 और 1966 में अंतर विश्वविद्यालयीन महिला हॉकी प्रतियोगिता में जबलपुर विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व किया। वर्ष 1965 में जबलपुर विश्वविद्यालय की टीम उपविजेता रही। इस टीम का नेतृत्व भी अविनाश सिद्धू ने ही किया था। डा. सिद्धू ने वर्ष 1968 में पंजाबी यूनिवर्सिटी का प्रतिनिधित्व भी किया। डा. अविनाश सिद्धू ने सक्रिय हॉकी से निवृत्त होने के पश्चात्‌ कई अंतरराष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिताओं में अम्पायरिंग भी की, जिसमें 10वें एशियन गेम्स सियोल, द्वितीय इंदिरा गांधी इंटरनेशनल वूमेन हॉकी टूर्नामेंट नई दिल्ली, एशियन जूनियर वूमेन हाकी वर्ल्ड कप क्वालीफाइंग टूर्नामेंट, तृतीय इंटरनेशनल कप फार वूमेन हॉकी, 11वें एशियन गेम्स बीजिंग (फाइनल मैच में आफिशियल), चतुर्थ इंदिरा गांधी इंटरनेशनल वूमेन हॉकी टूर्नामेंट जैसी प्रमुख प्रतियोगिताएं शामिल हैं। डा. सिद्धू 1994 हिरोशिमा गेम्स में भी अम्पायर के रूप में चुनी गई थीं। डा. अविनाश सिद्धू ने भारतीय महिला हॉकी टीम की मैनेजर के रूप में भी अपनी सेवाएं दी हैं। वे 1983 से 1985 तक भारतीय टीम की सिलेक्टर रही हैं। उन्होंने भारतीय महिला हॉकी टीम के लिए स्पोट्‌र्स साइकोलॉजिस्ट के रूप में भी अपनी सेवाएं दी हैं। उनकी पहचान एक श्रेष्ठ कोच के रूप में भी है।

सन्‌ 1970 में डा. अविनाश सिद्धू ने भारतीय महिला वालीबाल टीम का नेतृत्व भी किया। इसके अलावा राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में कई बार उन्होंने मध्यप्रदेश की टीम का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने एथलेटिक्स (ट्रैक एण्ड फील्ड) के अंतर्गत 20वें नेशनल गेम्स में 4 गुणा 100 मीटर रिले और 800 मीटर दौड़ में भाग लिया और रिले में कांस्य पदक जीता। 1963-64 में उन्हें जबलपुर विश्वविद्यालय का सर्वश्रेष्ठ एथलीट घोषित किया गया। 1964 में नेशनल बास्केटबाल चैम्पियनशिप में मध्यप्रदेश टीम का प्रतिनिधित्व किया। वर्ष 1963 एवं 1965 में डा. सिद्धू ने इंटर यूनिवर्सिटी बास्केटबाल टूर्नामेंट में जबलपुर विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व किया। दोनों प्रतियोगिताओं में वे टीम की कप्तान भी रहीं। वर्ष 1975 में हॉकी में उत्कृष्ट और उल्लेखनीय प्रदर्शन के लिए डा. सिद्धू को मध्यप्रदेश शासन ने विक्रम अवार्ड से सम्मानित किया। सच कहें तो डा. अविनाश कौर खेलों को समर्पित मध्य प्रदेश की महानतम शख्सियत हैं।

No comments:

Post a Comment