Wednesday 15 April 2015

ग्लैमर के मारे, क्रिकेटर बेचारे


खूब उड़ीं गिल्लियां
भारत में क्रिकेट धर्म और इसे खेलने वाला भगवान की तरह माना जाता है। यही वजह है कि इस खेल से जुड़े हर लम्हे और कानाफूसी पर सबकी नजर रहती है। इन दिनों क्रिकेटर विराट कोहली और अनुष्का शर्मा के रोमांस की खबरें सुर्खियां बटोर रही हैं। लोग इनकी व्यक्तिगत जिन्दगी से ऐसा वास्ता रख रहे हैं मानो इससे पहले किसी खिलाड़ी ने प्यार और इजहार किया ही न हो। भारत की जहां तक बात है यहां क्रिकेटर हो या फिल्म अभिनेत्री, उसे स्टार का दर्जा मिलते ही सारा परिदृश्य बदल जाता है। ग्लैमर की दुनिया है ही ऐसी। शोहरत और दौलत हाथ आते ही धर्म-कर्म की सारी सीमाएं एक झटके में टूट जाती हैं। प्यार तो वैसे भी अंधा कहा ही जाता है। क्रिकेटरों और सिने तारिकाओं का एक-दूसरे के करीब आना कोई अजूबा नहीं बावजूद इसके इनकी निकटता लोगों में चर्चा का विषय जरूर बन जाती है। विराट कोहली और अनुष्का शर्मा की सन्निकटता पहली और आखिरी प्रेम कहानी नहीं है, इससे पूर्व भी दुनिया के बहुतेरे क्रिकेटर ग्लैमर की गुगली से बोल्ड हो चुके हैं। क्रिकेटरों और सिने तारिकाओं के रोमांस के किस्सों की लम्बी दास्तां है, पर फिल्मी रोमांस की तरह इनका रोमांस भी शादी तक कम ही पहुंचता है। क्रिकेटरों और सिने तारिकाओं के रोमांस पर नजर डालें तो गैरी सोबर्स-अंजू महेन्द्रू, रवि शास्त्री-अमृता सिंह, विवियन रिचर्ड्स-नीना गुप्ता, सचिन तेंदुलकर-शिल्पा शिरोड़कर, सौरव गांगुली-नगमा, युवराज सिंह-किम दीपिका, नेहा धूपिया, महेन्द्र सिंह धोनी-दीपिका, जहीर-ईशा श्रावणी,  हरभजन सिंह-गीता बसरा आदि कुछ ऐसी जोड़ियां हैं जिनके रोमांस के किस्से तो खूब मशहूर हुए पर एक-दूजे के नहीं हो सके।
प्यार और इजहार की मायावी दुनिया बहुत विचित्र है। किसी को ताउम्र इसका सुख नसीब होता है तो कुछ अल्पसमय सुर्खियां बटोरने के बाद एक-दूसरे से जुदा हो जाते हैं। ग्लैमर की गुगली इस कदर अबूझ होती है कि बहुतेरे क्रिकेटर उसकी तबाही से अपना सब कुछ खो देते हैं। विराट कोहली और अनुष्का के अफेयर की बातें अब किसी के लिए जिज्ञासा का विषय बेशक न हों पर इस ओपन सीक्रेट की गाहे-बगाहे ही सही कुछ दिलचस्प खबरें सुर्खियां जरूर बन जाती हैं। विश्व कप क्रिकेट के दौरान एक नीला स्कार्फ काफी चर्चा में रहा। विराट कोहली विराट पारियां खेलें इसके लिए अनुष्का हमेशा अपने पास नीला स्कार्फ रखती हैं। यह स्कार्फ विराट ने ही अनुष्का को गिफ्ट किया था। यह नीला स्कार्फ अनुष्का अपने पर्स में रखना कभी नहीं भूलतीं। अनुष्का और विराट के प्यार का इजहार तो अब आम हो चुका है। यह जोड़ा शादी के बंधन में कब बंधेगा इसको लेकर जरूर चर्चा होने लगी है। विराट और अनुष्का के बीच प्यार की पींगे बढ़े अभी एक साल ही हुआ है। इसकी शुरुआत हुई थी एक एड फिल्म की शूटिंग के दौरान। इसके बाद दोनों एक-दूसरे को इस कदर भा गये कि अकसर एक साथ नजर आने लगे।
विराट मेरा अच्छा दोस्त
विराट कोहली के साथ शादी को लेकर अनुष्का का जवाब हमेशा डिप्लोमेटिक होता है। वह शादी के सवाल पर हमेशा कहती हैं कि विराट मेरा अच्छा दोस्त है। इसे अफेयर का नाम देने से मुझे चिढ़ होती है। मैं जब भी शादी करूंगी दुनिया जानेगी। सच तो यह है कि हम दोनों अभी अपने करिअर को मजबूत करना चाहते हैं। विराट अपनी क्रिकेट की चमक परवान चढ़ाना चाहते हैं तो मैं बतौर एक्ट्रेस अपने आपको प्रू्व कर रही हूं। बकौल अनुष्का उनकी रुचि फिल्म निर्माण में भी है। उनका भाई करुणेश फिल्म निर्माण में उनका सहयोगी होगा। उनकी पहली निर्मित फिल्म एनएच-10 दर्शकों के बीच है। खैर, विराट और अनुष्का से पहले भी कई क्रिकेटर ग्लैमर की दुनिया को अपना दिल दे चुके हैं। नवाब मंसूर अली खान पटौदी-शर्मिला टैगोर, मोहम्मद अजहरुद्दीन और संगीता बिजलानी आदि की प्रेम कहानियां  पहले ही सुर्खियां बटोर चुकी हैं। देखा जाये तो किकेटरों और सिने तारिकाओं की प्रेम कहानी को हमेशा सुखद धरातल नहीं मिला। इस मामले में पटौदी-शर्मिला और मोहम्मद अजहर-संगीता बिजलानी ही ऐसे दो उदाहरण हैं जिनका रोमांस परिणय सूत्र तक पहुंचा है।
पटौदी और शर्मिला
नवाब पटौदी और शर्मिला टैगोर के रोमांस और शादी की कहानी वर्षों पुरानी है। 1967-68 की बात है जब क्रिकेट दीवानी शर्मिला ने एक मैच के दौरान न केवल पटौदी के खेल की तारीफ की बल्कि उनकी प्रेम दीवानी भी हो गर्इं। इस जोड़ी ने अपने रोमांस को लम्बा नहीं खींचा और 1969 में दोनों परिणय सूत्र में बंध गये। शादी के बाद आइशा बेगम साहिबा बनने के बाद भी शर्मिला ने फिल्मों में काम करना बंद नहीं किया। उनके शौहर पटौदी को इस पर कोई आपत्ति भी नहीं थी। बाद में पटौदी ने अपने दोनों बच्चों सैफ और सोहा के फिल्मों में आने पर भी कोई पाबंदी नहीं लगायी । सच तो यह है कि पटौदी चाहते थे कि सैफ क्रिकेटर बने, मगर सैफ ने जैसे ही एक्टर बनने की इच्छा व्यक्त की, वह तुरंत तैयार हो गये। कुछ ऐसा ही सोहा के साथ भी हुआ। अत्यंत उच्च शिक्षित सोहा ने अचानक ही अच्छी विदेशी कम्पनी की नौकरी छोड़कर फिल्मों में आने का मन बनाया। तब भी बेहद उन्मुक्त विचारों के पटौदी कुछ नहीं बोले। बाद में सोहा ने भी अपने भाई सैफ की तरह प्रेम विवाह किया। नवाब पटौदी ने शर्मिला के साथ अपना वैवाहिक जीवन ताउम्र निभाया। अब पटौदी इस दुनिया में नहीं हैं लेकिन उनके अधूरे कार्यों को बेवा शर्मिला पूरा कर रही हैं।
मोहम्मद अजहरुद्दीन-संगीता बिजलानी
क्रिकेटर मोहम्मद अजहरुद्दीन और मॉडल-अभिनेत्री संगीता बिजलानी का रोमांस ज्यादा जोशीला था। प्यार के जोश में होश खोने वाले अजहर ने अपने प्यार के लिए अपने बीवी-बच्चों तक को खो दिया।  दो साल के लम्बे रोमांस के बाद अजहर ने संगीता से 1996 में निकाह किया था। दोनों संयुक्त रूप से फिल्म निर्माण में हाथ आजमाते कि अजहर का सम्मोहन संगीता से टूट गया। लगभग चार साल के दाम्पत्य जीवन के बाद 2010 में अज्जू ने संगीता से भी तलाक ले लिया। इसकी वजह संगीता का अपने पूर्व प्रेमी सलमान खान के प्रति अति अनुराग होना माना गया। इन दिनों संगीता फिर से फिल्मी गलियारे में जहां घूम रही हैं वहीं अजहर कांग्रेस के पिटे हुए मोहरे बन अपने राजनीति के टूटे हुए किरचों को फिर से समेटने की कोशिश में मशगूल हैं।
गैरी सोबर्स-अंजू महेन्द्रू
महान क्रिकेटर सर गैरफील्ड सोबर्स ने जब सिने अभिनेत्री अंजू महेन्द्रू को सगाई की अंगूठी पहनायी, तब यह माना जा रहा था कि वह अंजू से शादी करके ही वेस्टइंडीज लौटेंगे। पर उन्होंने अपने देश में जाकर अपनी अलग ही दुनिया बसा ली और गैरी सोबर्स-अंजू महेन्द्रू का रोमांस क्षण भर में एक भूली हुई दास्तां बन गया। अंजू बाद में अभिनेता अमजद खान के अभिनेता भाई इम्तियाज खान की बीवी बनीं। इम्तियाज की मृत्यु के बाद आज वह अपने काम में मशगूल हैं।
युवराज-किम
आज जिस तरह विराट और अनुष्का के बीच प्यार परवान चढ़ रहा है कुछ इसी तरह युवराज सिंह और हीरोइन किम से शादी के चर्चे भी काफी सरगर्म रहे। इस प्रेम कहानी में युवराज की मां खलनायक साबित हुर्इं। युवराज तो किम को अपना जीवनसाथी बनाना चाहते थे लेकिन किम प्रेमिका के रोल में ही खुश थीं। किम से रोमांस के बाद युवराज का नाम दीपिका, नेहा धूपिया आदि तारिकाओं के साथ भी जुड़ा, पर सच यह है कि युवराज आज भी कुंआरे हैं।
रिचर्ड्स-नीना गुप्ता
वैसे विदेशी क्रिकेटरों के रोमांस का अर्द्धसत्य समझना बड़ा मुश्किल है। वह खेल के सिलसिले में इस देश में आते हैं। किसी फिल्म तारिका के प्रेमपाश में बंधते हैं। फिर खेल खत्म होता है और विदेश लौटने के बाद इनका रोमांस भी खत्म हो जाता है। अभिनेत्री नीना गुप्ता और विवियन रिचर्ड्स का प्यार भी कुछ ऐसा ही था। इस प्यार में एक गुल भी खिला। यह गुल यानी इन दोनों की बिटिया मसाबा आज बड़ी हो चुकी है।  वह एक बड़ी डिजायनर है। लेकिन इसका एक दूसरा सच यह है कि नीना को आज भी एक अविवाहित मां माना जाता है। विवियन के साथ उनकी शादी नहीं हुई लेकिन मसाबा को दोनों का नाम जरूर मिला है। नीना गुप्ता ने विवेक मेहरा से शादी तो रचा ली पर रिचर्ड्स जब भी भारत आते हैं अपनी बेटी मसाबा और नीना से जरूर मिलते हैं।
ये भी खूब रहे चर्चा में
भारतीय टीम के कप्तान महेन्द्र सिंह आज बेशक एक बेटी के पिता हैं पर इनका नाम भी कभी दीपिका, बिपाशा आदि के साथ काफी चर्चा में रहा। धोनी की बिपाशा के प्रति आत्मीयता एक एड फिल्म की शूटिंग के दौरान परवान चढ़ी थी लेकिन उनका अफेयर कभी ज्यादा सुनायी नहीं पड़ा। बाद में साक्षी ने उनका कैच लपक लिया। जहीर खान-ईशा श्रावणी और हरभजन सिंह-गीता बसरा के रोमांस की पटकथा के चर्चे तो खूब चले पर इन दोनों जोड़ियों की शादी के बारे में कोई पक्की खबर अभी तक नहीं आयी है। कभी-कभी इनके ब्रेक-अप की खबरें जरूर आती रही हैं।
विदेशी क्रिकेटर भी अछूते नहीं
सिने तारिकाओं से रोमांस के मामले में विदेशी क्रिकेटर भी अछूते नहीं हैं। दक्षिण अफ्रीका के चर्चित क्रिकेटर जैक कैलिस,आस्ट्रेलिया के वर्तमान कप्तान माइकल क्लार्क, शेनवार्न, वेस्टइंडीज के ब्रायन लारा, क्रिस गेल आदि भी ग्लैमर के प्रेमपाश में फंस चुके हैं। जैक कैलिस की जहां तक बात है वह तो हर साल प्रेमिकाएं बदलने के लिए हमेशा सुर्खियों में रहते हैं। 

No comments:

Post a Comment