Tuesday 23 December 2014

सायना मध्य प्रदेश की खेल अकादमियों देख खुश


सायना को मप्र की ओर से 50 लाख का पुरस्कार
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 23 दिसम्बर, 2014 को राज्य के शिखर खेल अलंकरण समारोह में देश की शीर्ष महिला बैडमिंटन खिलाड़ी ओलम्पिक कांस्य पदक विजेता सायना नेहवाल को 50 लाख की पुरस्कार राशि और राज्य की युवा महिला निशानेबाज वर्षा बर्मन को 50 लाख रुपये की छात्रवृत्ति भेंट की।
राजधानी भोपाल के तात्या टोपे नगर स्टेडियम में आयोजित समारोह में चौहान ने कहा है कि भोपाल में राष्ट्रीय खेलों के आयोजन के लिए भारत सरकार से अनुरोध किया जाएगा और इसके लिये सभी आवश्यक व्यवस्थाएं भी की जाएंगी। मुख्यमंत्री ने सायना नेहवाल को बधाई देते हुए कहा, ‘सायना अपने खेल से दुनिया में देश का नाम रोशन कर रही हैं। मध्यप्रदेश से भी सायना नेहवाल और सुशील कुमार जैसे खिलाड़ी निकलें, इसके लिए खिलाड़ियों को सभी सुविधाएं दी जाएंगी। हर खिलाड़ी जिद, जुनून और जज्बे के साथ अभ्यास करें। उनकी बाकी सभी जिम्मेदारियां और आवश्यकताएं राज्य सरकार पूरी करेगा।’
 उन्होंने कहा, ‘प्रदेश में खेलों के लिए धन का अभाव नहीं है। खेलों में जीत देश के सम्मान का विषय है, इसलिए खेलों का वार्षिक बजट चार करोड़ से बढ़ाकर 150 करोड़ कर दिया गया है। विक्रम पुरस्कार की राशि को भी 50000 से बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दी गई है।’ सायना नेहवाल ने इस अवसर पर कहा कि मध्य प्रदेश की खेल अकादमियों को देखकर उन्हें बहुत अच्छा लगा और राज्य के युवा खिलाड़ियों को देखकर वे अत्यंत उत्साहित हैं तथा उनमें भरपूर सम्भावनाएं हैं।
अलंकरण समारोह में नौ खिलाड़ियों को विक्रम पुरस्कार, 13 जूनियर खिलाड़ियों को एकलव्य पुरस्कार, तीन प्रशिक्षकों को विश्वामित्र पुरस्कार, जबलपुर की पुष्पा वर्मा को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड, उज्जैन की यशोदा मदारिया को स्वर्गीय प्रभाष जोशी खेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
सायना नेहवाल विदेशी कोच के पक्ष में
भोपाल। भारतीय बैडमिंटन स्टार सायना नेहवाल ने बैडमिंटन खिलाड़ियों के प्रदर्शन में निखार लाने के लिए विदेशी कोच की जरूरत का समर्थन किया है। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आयोजित विक्रम पुरस्कार वितरण समारोह में हिस्सा लेने आर्इं नेहवाल ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि भारत में बैडमिंटन के अच्छे कोच हैं, लेकिन अगर विदेशी कोच मिल जाएं तो अच्छा है।
बैडमिंटन में भारत और चीन की स्थिति को लेकर किए गए सवाल पर उन्होंने कहा, ‘भारत में जो स्थान क्रिकेट का है, चीन में वह स्थान बैडमिंटन को हासिल है। इसके बावजूद कई राज्य बैडमिंटन को बढ़ावा देने का प्रयास कर रहे हैं उसमें मध्य प्रदेश भी शामिल है, लिहाजा आने वाले समय में देश के विभिन्न हिस्सों से बैडमिंटन के अच्छे खिलाड़ी निकलने की सम्भावना है।’ चीन के खिलाड़ियों से होने वाले मुकाबले को लेकर उन्होंने कहा कि चीन के खिलाड़ियों से मुकाबला करते समय भारतीय खिलाड़ी को काफी संघर्ष करना पड़ता है।

No comments:

Post a Comment